समाचार · मध्य प्रदेश
रीवा में 4 किलो 700 ग्राम गांजा जब्त, दो गिरफ्तार:75 हजार रुपए का माल जब्त, एक आरोपी पर 9 आपराधिक केस दर्ज
रीवा के बिछिया नदी किनारे लक्ष्मणबाग रोड पर गांजा बेचने की फिराक में खड़े दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 700 ग्राम गांजा जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों में बिछिया निवासी जावेद अहमद (39) और तकिया बिछिया निवासी मोहम्मद अहमद (21) शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ा बिछिया थाना पुलिस के मुताबिक, 11 अक्टूबर की रात उप निरीक्षक आरएन बागरी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लक्ष्मणबाग रोड पर नदी किनारे दो व्यक्ति सफेद बोरी में गांजा लेकर खड़े हैं और उसे बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। थाना प्रभारी अंकिता मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। जावेद के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, जावेद अहमद के खिलाफ वर्ष 2008 से 2026 तक कुल 10 प्रकरण दर्ज हैं। इनमें लूट, मारपीट, धमकी, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। वर्ष 2020 में भी बिछिया थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग कंट्रोल से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। यह कार्रवाई नशे की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘प्रहार-2’ के तहत की गई।