समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौर में लिवइन पार्टनर की पत्नी ने महिला को पीटा:कहा- सिर पर पत्थर मारा; जमीन पर कब्जे को लेकर किसान से भी मारपीट
इंदौर के गांधी नगर में मारपीट के दो मामले सामने आए हैं। पहले मामले में एक महिला ने अपने पति की प्रेमिका के साथ परिवार की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर मारपीट की। आरोप है कि महिला के सिर पर पत्थर से वार किया गया। वहीं, दूसरे मामले में जमीन पर कब्जे को लेकर एक किसान के साथ दंपति ने मारपीट की। गांधी नगर पुलिस ने दोनों मामलों में FIR दर्ज की है। पति की प्रेमिका को परिवार के साथ मिलकर पीटा गांधी नगर पुलिस ने महिला पूजा की शिकायत पर रीना चौधरी, सविता चौधरी, भूरीबाई और एक अन्य महिला के खिलाफ मारपीट की FIR दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक, पूजा ने बताया कि उसका रवि चौधरी से दो साल से अफेयर चल रहा है। दोनों शादी करने वाले हैं और गांधी नगर इलाके में लिव-इन में रह रहे हैं। रविवार को रवि की पत्नी रीना और मां भूरीबाई कमरे पर आईं। उन्होंने रवि के साथ रहने को लेकर आपत्ति जताई। पूजा के मुताबिक, रवि से शादी करने की बात कहने पर रीना, उसकी मां भूरीबाई और सास सविता ने अपशब्द कहे। इसके बाद सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि रीना ने पत्थर उठाकर पूजा के सिर पर मार दिया। इसके बाद उसे कमरे से बाहर लाकर भी पीटा गया। पूजा ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद FIR दर्ज की। जमीन पर कब्जे को लेकर किसान से मारपीट इधर, गांधी नगर में ही जमीन की नपती और कब्जे को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने राजेश काले की शिकायत पर मंजू सोनकर और अभिषेक सोनकर के खिलाफ रविवार को FIR दर्ज की है। राजेश ने बताया कि वह किसान हैं। उन्होंने 2023 में सुरेंद्र यादव और जनक सेन से बागड़दा खसरे की जमीन खरीदी थी। इसमें उनके दोस्त राजेश भी पार्टनर हैं। राजेश के मुताबिक, 7 अक्टूबर को मल्हारगंज तहसीलदार के आदेश पर जमीन की नपती हुई थी। इसके बाद 9 अक्टूबर को RI और पटवारी की मौजूदगी में जमीन का कब्जा दिया गया था। जमीन पर कब्जे को लेकर बोर्ड भी लगाया गया था। आरोप है कि अभिषेक और उनकी पत्नी मंजू ने बोर्ड निकाल दिया। इसका विरोध करने पर दंपति ने जमीन को अपना बताते हुए अपशब्द कहे और राजेश काले के साथ मारपीट की। उनके साथी बीच-बचाव करने पहुंचे। बाद में राजेश आदेश लेकर थाने पहुंचे और दंपति के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज की है।