national · राजस्थान
राजस्थान में पंचायत चुनाव 2026 का ऐलान, देखें मतदान और मतगणना की पूरी तारीखें

Rajasthan Panchayat Elections 2026: राजस्थान में पंचायत चुनाव 2026 का कार्यक्रम जारी हो गया है. राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान चार चरणों में 23 अक्टूबर से 14 नवंबर तक होगा. वहीं पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान 25 अक्टूबर से 16 नवंबर तक चार चरणों में कराया जाएगा. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को होगी. इसके बाद जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होगी.
चार चरणों में होगा जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले चरण का मतदान 23 अक्टूबर 2026 को होगा. दूसरे चरण में 29 अक्टूबर, तीसरे चरण में 4 नवंबर और चौथे चरण में 14 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. सभी चरणों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है.
पंच-सरपंच के लिए भी चार चरणों में मतदान
पंच और सरपंच पदों के लिए भी चार चरणों में मतदान होगा. पहले चरण में 25 अक्टूबर, दूसरे चरण में 31 अक्टूबर, तीसरे चरण में 6 नवंबर और चौथे चरण में 16 नवंबर 2026 को मतदान होगा.
पंच और सरपंच पदों की मतगणना भी संबंधित मतदान की तारीख को ही होगी. इसके अगले दिन उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा.
20 नवंबर को होगी जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना
जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चारों चरणों के मतदान के बाद 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को मतगणना होगी. इसके बाद स्थानीय निकायों में प्रमुख पदों के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी.
25 नवंबर से प्रमुख पदों के चुनाव
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर को होगा. इसके अगले दिन 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख, 27 नवंबर को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान का चुनाव कराया जाएगा.