समाचार · बिहार
Bihar MLC Election: तिरहुत, कोसी, दरभंगा और पटना में किस सीट पर कितने वोटर? देखें पूरा आंकड़ा

Bihar MLC Election : बिहार में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की 8 सीटों के लिए चुनावी बिसात बिछ चुकी है. निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा. इसके बाद 27 अक्टूबर को मतों की गिनती होगी. चुनाव में एनडीए, महागठबंधन और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला होगा.
स्नातक सीटों पर 4.92 लाख मतदाता तय करेंगे जीत-हार
चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 492594 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. आयोग के आंकड़ों के मुताबिक तिरहुत स्नातक सीट पर सबसे ज्यादा 143988 वोटर हैं. इसके अलावा कोसी स्नातक सीट पर 134072 वोटर, दरभंगा स्नातक सीट पर 126951 वोटर और पटना स्नातक सीट पर सबसे कम 87583 वोटर पंजीकृत हैं.
पटना सीट क्यों बनी सबसे हॉट फाइट?
पटना स्नातक सीट इस बार सबसे चर्चित और वीआईपी सीट बन गई है. यहां जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार मैदान में हैं. जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने खुलकर जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को अपना समर्थन दे दिया है. इस अंदरूनी बगावत से मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
शिक्षक सीटों का गणित
चारों शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 40253 मतदाता हैं, जिनमें 30677 पुरुष, 9573 महिला और 3 थर्ड जेंडर शामिल हैं. पटना शिक्षक सीट पर 11719 वोटर, सारण में 10748 वोटर, दरभंगा में 9026 वोटर और तिरहुत में 8760 वोटर हैं.
पटना शिक्षक सीट पर बीजेपी के दिग्गज नवल किशोर यादव का मुकाबला राजद के डॉ. संजीव कुमार से है. इस चुनाव में जातिगत समीकरणों से ज्यादा शिक्षकों के वेतन, तबादले और पुरानी समस्याओं जैसे मुद्दे हावी रहेंगे. निष्पक्ष चुनाव के लिए आयोग बैलेट पेपर और फोटो आईडी कार्ड का इस्तेमाल कराएगा.
इसे भी पढ़ें: सिताब दियारा से आरा-पटना पहुंचना होगा आसान, घट जाएगी 40 किमी दूरी, मानसून में नहीं कटेगा जेपी के गांव का संपर्क