Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली सिमडेगा की बेटियों का सम्मान, सलीमा टेटे समेत तीन खिलाड़ियों का अभिनंदन

INT News12 October 2026 at 01:06 pm

सिमडेगा: एशियन गेम्स 2026 में देश का मान बढ़ाने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग के सिमडेगा लौटने पर भव्य स्वागत और अभिनंदन किया गया. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका विद्यालय, सिमडेगा के प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह में तीनों खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया. इस दौरान उनकी उपलब्धि पर गर्व जताते हुए इसे सिमडेगा सहित पूरे देश के लिए गौरव का क्षण बताया गया.

ग्रामीण परिवेश से अंतरराष्ट्रीय मंच तक का सफर

सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर स्वर्ण पदक तक पहुंचने वाली इन खिलाड़ियों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट संघर्ष का परिणाम है. उनकी उपलब्धि ने एक बार फिर सिमडेगा की हॉकी प्रतिभा और खेल के प्रति यहां के युवाओं के जुनून को रेखांकित किया है.

ये भी पढ़ें- IIIT रांची में दूसरे दिन भी बवाल, 50 मीटर की दूरी पर चेयरपर्सन और छात्र आमने-सामने, इस्तीफे पर अड़े विद्यार्थी

नई पीढ़ी की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा

समारोह में कहा गया कि सलीमा टेटे, ब्यूटी डुंगडुंग और दीपिका सोरेंग की सफलता नई पीढ़ी की बेटियों को खेल के क्षेत्र में बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी. उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और अनुशासन के बल पर सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है.

खेल जगत और जिला प्रशासन के लोग रहे मौजूद

सम्मान समारोह में हॉकी झारखंड, हॉकी संघ सिमडेगा, जिला प्रशासन के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, खेल प्रेमी और खिलाड़ियों के अभिभावक उपस्थित रहे. सभी ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

ये भी पढ़ें: IIIT रांची में दूसरे दिन भी बवाल, 50 मीटर की दूरी पर चेयरपर्सन और छात्र आमने-सामने, इस्तीफे पर अड़े विद्यार्थी

स्वर्गीय रूपी सोरेन को दी गयी श्रद्धांजलि

कार्यक्रम के दौरान झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताजी स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गयी. उपस्थित लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रति सम्मान प्रकट किया. सिमडेगा की इन तीनों हॉकी खिलाड़ियों की उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है. उनके सम्मान से स्थानीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ने और जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलने की उम्मीद है.