समाचार · पंजाब
तरनतारन में फॉर्च्यूनर गाड़ी में हथियार सहित तीन काबू:नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने पकड़ा, अवैध पिस्तौल, मैगजीन व कारतूस बरामद
तरनतारन जिले की खालड़ा पुलिस ने उधोके गांव के पास गश्त और नाकाबंदी के दौरान एक लग्जरी फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार तीन युवकों को अवैध हथियारों व कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। डीएसपी भिखीविंड अतुल सोनी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एएसआई सुखविंदर सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम उधोके ड्रेन पुल टी-प्वाइंट पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदेहास्पद फॉर्च्यूनर गाड़ी (नंबर PB-18-X-0005) को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो गाड़ी से एक 30 बोर की पिस्तौल, एक मैगजीन, 30 बोर के 2 जिंदा कारतूस और 9 एमएम के 2 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पकड़े गए तीनों आरोपी तरनतारन के कलसियां गांव के निवासी हैं। इनकी पहचान गुरमुख सिंह पुत्र जगमोहन सिंह, लवप्रीत सिंह उर्फ मंगू पुत्र चरण सिंहृ, करणजोत सिंह पुत्र लखविंदर सिंह के रूप में हुई। आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
पट्टी/खालड़ा पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर नंबर 284 के तहत आर्म्स एक्ट (Arms Act) की धारा 25, 26 और 29 के अधीन मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे ये अवैध हथियार कहां से लाए थे और इनका इस्तेमाल किस मकसद के लिए किया जाना था।