Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

नालंदा में मजदूरी मांगने पर युवक को खौलते तेल की कड़ाही में धकेला, आठ दिन बाद मौत

INT News12 October 2026 at 04:02 pm

Nalanda Man Burned in Boiling Oil: नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र के दरुआरा बथानी पर मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को खौलते तेल की कड़ाही में धकेलने का आरोप लगा है. गंभीर रूप से झुलसे युवक की आठ दिनों तक इलाज चलने के बाद सोमवार की सुबह मौत हो गयी. मृतक की पहचान बालगोविंद चौहान के पुत्र कामो चौहान (30) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, इलाज में छह लाख रुपये से अधिक खर्च हो गये, लेकिन युवक की जान नहीं बच सकी.

ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था कामो चौहान

परिजनों के अनुसार, कामो चौहान प्रदेश में रहकर ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था. कुछ दिन पहले ही वह घर लौटा था. इसी दौरान कोंदी गांव निवासी चाचा-भतीजा दिलीप और राजा उसे हलवाई के काम में हाथ बंटाने के लिए दरुआरा बथानी पर आयोजित एक ब्रह्मभोज में ले गये थे.

मजदूरी मांगने पर विवाद, मारपीट के बाद कड़ाही में धकेलने का आरोप

मृतक के बड़े भाई सूबे चौहान ने बताया कि घटना 4 अक्टूबर की रात करीब आठ बजे की है. काम समाप्त होने के बाद कामो ने मजदूरी के पैसे मांगे, तो आरोपित कथित तौर पर भड़क गये. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद और गाली-गलौज शुरू हो गयी. सूबे चौहान का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने उनके भाई के साथ मारपीट की और फिर उसे खौलते तेल की कड़ाही में धकेल दिया. इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया.

बिहारशरीफ से पावापुरी रेफर, पटना में भी चला इलाज

परिजनों के अनुसार, घटना के बाद घायल युवक को सदर अस्पताल, बिहारशरीफ पहुंचाया गया, जहां से उसे पावापुरी रेफर कर दिया गया. परिजनों के पहुंचने पर आरोपित वहां से फरार हो गये. इसके बाद परिवार के लोग बेहतर इलाज के लिए कामो को पटना ले गये. हालत में सुधार नहीं होने पर उसे रिम्स और फिर निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया. तमाम प्रयासों के बावजूद सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गयी.

दो बेटे और दो बेटियों को छोड़ गया मृतक

कामो चौहान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है. परिजनों के अनुसार, इलाज पर छह लाख रुपये से अधिक खर्च हुए.

आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

नूरसराय थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. परिजनों की ओर से आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने बताया कि घटना के बाद फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

इसे भी पढ़ें: चेक करें अपना बैंक खाता, बिहार सरकार ने 1.60 लाख परिवारों के खाते में भेजे 7-7 हजार रुपये