समाचार · उत्तर प्रदेश
त्योहार पर घर जाने वालों को राहत,अलीगढ़ से दिल्ली समेत कई रूटों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें

Aligarh Roadways News: त्योहारों पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. दिवाली, छठ और विजयादशमी के दौरान बसों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रोडवेज अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी कर रहा है. इससे यात्रियों को बसों के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. साथ ही, परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए घर पहुंचना भी आसान हो सकता है. हालांकि, अतिरिक्त बसों के संचालन को लेकर मुख्यालय के आदेश का इंतजार है.
17 अक्टूबर से बढ़ सकती है यात्रियों की भीड़
शारदीय नवरात्र के बाद विजयादशमी का त्योहार मनाया जाएगा. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों का रुख करेंगे. ऐसे में 17 अक्टूबर से बसों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने की संभावना है. इसे देखते हुए परिवहन निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. अलीगढ़ के मसूदाबाद और सेटेलाइट बस अड्डों से विभिन्न शहरों के लिए बसों का संचालन होता है.
दिल्ली समेत कई शहरों के लिए बढ़ेंगे बसों के फेरे
त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए आगरा, मथुरा, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, कानपुर, मुरादाबाद और दिल्ली समेत कई रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई जा सकती हैं. जरूरत के अनुसार बसों के फेरे भी बढ़ाए जा सकते हैं. फिलहाल, 18 या 19 अक्टूबर से अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, इसकी अंतिम तारीख और बसों की संख्या मुख्यालय के आदेश के बाद स्पष्ट होगी.
निर्धारित किराये पर सफर, डग्गामार बसों से भी मिलेगी राहत
अतिरिक्त बसें चलने से त्योहार के समय यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. बसों की उपलब्धता बढ़ने पर यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा. साथ ही, उन्हें मजबूरी में डग्गामार बसों का सहारा लेने से भी राहत मिल सकती है. रोडवेज की बसों में यात्री निर्धारित किराये पर सफर कर सकेंगे.
ड्यूटी करने वाले चालक-परिचालकों को मिलेगा प्रोत्साहन
त्योहारों के दौरान अतिरिक्त बसों के संचालन के लिए चालकों और परिचालकों की ड्यूटी भी महत्वपूर्ण होगी. छुट्टी की अवधि में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि देने की व्यवस्था रहेगी. मुख्यालय से जारी होने वाले आदेश में बसों की संख्या, उनके फेरों और संचालन की अवधि से जुड़ी जानकारी दी जाएगी. क्षेत्रीय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार वर्मा के अनुसार, फिलहाल रूटों पर बसों की कोई कमी नहीं है. सभी मार्गों पर पर्याप्त बसें चल रही हैं. त्योहारों के आसपास यात्रियों की संख्या बढ़ने पर जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की जाएगी.
Also Read: प्रयागराज से मुंबई-दिल्ली तक पहुंचेगा किसानों का माल, एयरपोर्ट पर जल्द शुरू होगी ये खास सुविधा