समाचार · मध्य प्रदेश
नाबालिग ने शादी का प्रस्ताव ठुकराया तो हाथ पकड़कर खींचा:आरोपी ने दी थी जान से मारने की धमकी, न्यायालय ने सुनाई तीन साल की सजा
भिंड के गाेहद में नाबालिग ने शादी का प्रस्ताव ठुकराया तो युवक उसे परेशान करने लगा। करीब 10-15 दिन तक पीछा किया और रास्ते में रोककर हाथ पकड़कर खींचा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में गोहद के विशेष पॉक्सो न्यायालय ने आरोपी मोसम खान (22) को तीन साल के सश्रम कारावास और 2 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। न्यायालय ने 13 नवंबर को फैसला सुनाया। अभियोजन के अनुसार, 26 फरवरी 2024 को 14 वर्षीय बालिका अपने पिता के साथ गोहद थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। बालिका ने बताया कि अब्दुलपुरा निवासी मोसम खान करीब 10-15 दिन से उसका पीछा कर रहा था। वह रास्ते में रोककर अपने साथ चलने और शादी करने की बात कहता था। बालिका ने जब मना किया और पिता से शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने उसे जान से खत्म करने की धमकी दी। बालिका के मुताबिक, 25 फरवरी को दोपहर करीब 2 बजे वह अपनी चाची के घर जा रही थी। तभी आरोपी पीछे से आया और उसका हाथ पकड़कर खींचने लगा। वह जबरन अपने साथ ले जाने की बात कह रहा था। बालिका के चिल्लाने पर उसका मामा मौके पर पहुंचा तो आरोपी भाग गया। घर पहुंचकर बालिका ने परिजनों को घटना बताई। इसके बाद पिता के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करने, धमकी देने और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना के बाद न्यायालय में चालान पेश किया। विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो) गोहद ने अभियोजन के साक्ष्यों से सहमत होते हुए आरोपी को दोषी ठहराया। प्रकरण का संचालन विशेष लोक अभियोजक शैलेन्द्र कुमार शर्मा ने किया।