समाचार · पंजाब
अमृतसर- थाने के बाहर महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास:मारपीट के मामले सुनवाई न होने का आरोप, खुद पर डाला तेल तो लोगों ने पकड़ा
अमृतसर के सिविल लाइन थाने के बाहर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अंजली नाम की एक महिला ने पुलिस पर कार्रवाई में भेदभाव का गंभीर आरोप लगाते हुए खुद पर तेल उड़ेल कर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए महिला को समय रहते रोक लिया। पीड़ित महिला अंजली के अनुसार, बीती 24 तारीख को कचहरी परिसर में कुछ लोगों ने उसके साथ बदसलूकी की और हाथापाई (मारपीट) की थी। महिला का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने नीरज नाम के एक व्यक्ति की गाड़ी का हवाला देते हुए उसके खिलाफ भुलत्थ थाने में झूठी शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया। महिला का कहना है कि जब उसने अपने साथ हुई मारपीट और बदसलूकी की शिकायत पुलिस को दी, तो उसकी अर्जी पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस के इस एकतरफा रवैये और सुनवाई न होने से हताश होकर उसे यह खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर होना पड़ा। वरिष्ठ अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन घटना के बाद हरकत में आए पुलिस अधिकारियों ने महिला को शांत कराया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि यह पूरा मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आ चुका है। पीड़ित पक्ष की जल्द ही डीसीपी (DCP) स्तर के अधिकारी के साथ बैठक करवाई जाएगी और जांच के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष व उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।