समाचार · हरियाणा
यमुनानगर में गर्लफ्रेंड से झगड़े के बाद युवक का सुसाइड:घर में फंदे पर लटका मिला शव, मां बोली-पांच साल से युवती के साथ था प्रेम संबंध
यमुनानगर में गर्लफ्रेंड से झगड़े के बाद 27 वर्षीय युवक ने सुसाइड कर लिया। वारदात के समय घर पर कोई नहीं था। जब मां शाम को घर पहुंची तो बेटे का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान मुंडामाजरा निवासी विकास के रूप में हुई है, जोकि विल्डिंग का काम करता था। सूचना मिलते ही रामपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने बेटे की मौत के पीछे उसकी गर्लफ्रेंड को जिम्मेदार ठहराया है। पांच साल से युवती के साथ था प्रेम संबंध मृतक विकास की मां ममकौर ने बताया कि उसके पति की कई साल पहले मौत हो चुकी है। वह अपने बेटे के साथ रहती थी। वह हिमाचल प्रदेश के कालाआंब में रहने वाली एक युवती से प्यार करता था। युवती पहले यमुनानगर में ही रहती थी, लेकिन बाद में अपने परिवार के साथ कालाआंब चली गई। इसके बावजूद दोनों के बीच संबंध बने हुए थे। आरोप है कि युवती ने विकास को शादी से मना कर दिया था। ममकौर के अनुसार, रविवार को वह काम पर गई हुई थी और विकास घर पर अकेला था। इसी दौरान युवती का उसके फोन आया। उसने बताया कि विकास उसका फोन नहीं उठा रहा है और दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई है। दो माह पहले पार्टी हॉल में मनाया था जन्मदिन ममकौर ने बताया कि जब वह शाम को काम से वापस घर लौटी तो विकास कमरे में फंदे पर लटका हुआ था। बेटे को इस हालत में देखकर वह घबरा गई। इसके बाद पुलिस और अन्य परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में भिजवा दिया गया। मां ने बताया कि 8 अगस्त को विकास का जन्मदिन था। इस मौके पर उसने अपनी गर्लफ्रेंड को भी बुलाया था और पार्टी हॉल में जन्मदिन मनाया था। ममकौर के अनुसार, युवती ने एक बार उसे बताया था कि इससे पहले भी उसका एक युवक के साथ करीब पांच साल तक प्रेम संबंध रहा था। उस युवक के साथ उसकी शादी होने वाली थी, लेकिन शादी से करीब एक सप्ताह पहले उसने उस युवक से रिश्ता तोड़ दिया था। मां ने युवती से पूछताछ की मांग की ममकौर ने आरोप लगाया कि युवती ने उसके बेटे से कुछ ऐसा कहा होगा, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। मृतक की मां ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और युवती से पूछताछ करने की मांग की है, ताकि विकास की मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।