Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

फरीदाबाद में 13 लाख का MDMA ड्रग्स पकड़ा:दक्षिण अफ्रीकी नागरिक समेत 3 गिरफ्तार; वीजा खत्म होने के बाद भी रह रहा था

INT News12 October 2026 at 01:22 pm

फरीदाबाद जिला पुलिस ने MDMA ड्रग्स तस्करी से जुड़े एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस की टीम ने दक्षिण अफ्रीका नागरिक सहित तीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले से जुड़ी 126.96 ग्राम MDMA नशा बरामद किया है। जिसकी बाजार में 13 लाख रूपए कीमत बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से अफ्रीकन नागरिक को 5 दिन के रिमांड पर लिया गया, जबकि 2 को जेल भेज दिया गया है। इससे पहले 15-16 सितंबर की रात को क्राइम ब्रांच और नारकोटिक्स कंट्रोल कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने लकड़पुर के शिव दुर्गा विहार में मकान नंबर 16 की दूसरी मंजिल पर छापा मारकर 15 करोड रूपए के ड्रग्स कोकीन सहित दूसरा नशा बरामद किया था। इसमें भी दक्षिण अफ्रीका के तीन लोगो को गिरफ्तार किया गया था। ये सभी लोग वीजा खत्म होने के बाद अवैध रूप से रह रहे थे। 126.96 ग्राम MDMA बरामद किया पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 7 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच बदरपुर बार्डर की टीम ने गांव दयालपुर के रहने वाले संगम को गिरफ्तार किया था। जिसके पास से पुलिस ने उसके कब्जे से 126.96 ग्राम MDMA बरामद किया था। थाना सूरजकुंड में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। दक्षिण अफ्रीकी नागरिक से खरीदता था नशा पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी MDMA नोएडा में रह रहे दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा से खरीदकर लाया था। संगम MDMA की छोटी-छोटी पूडिया बनाकर मोटे मुनाफे पर बेचता था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा व विनित को 11 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह भी पता चला कि नोएडा निवासी विनित ने संगम से करीब 4 ग्राम MDMA बेचने के लिए खरीदा था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने आगे कार्रवाई करते हुए विनित को भी 11 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया। स्टडी वीजा पर भारत आया,वापस नही लौटा पुलिस जांच में सामने आया कि दक्षिण अफ्रीका निवासी ओडेकामरा वर्ष 2019 में स्टडी वीजा पर भारत आया था। उसका वीजा वर्ष 2023 में समाप्त हो गया था, जिसके बाद वह नोएडा में अवैध रूप से रह रहा था। पुलिस अब आरोपी से MDMA की खरीद-फरोख्त, सप्लाई नेटवर्क और इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। 5 दिन के पुलिस रिमांड पर उन्होंने और अधिक जानकारी देते हुए बताया कि संगम और विनित को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं, दक्षिण अफ्रीकी नागरिक ओडेकामरा को आगे की पूछताछ के लिए 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।