समाचार · हरियाणा
विनोद सैनी सुसाइड केस में 7 दिन का अल्टीमेटम:नारनौल में बोले समर्थक, गिरफ्तारी नहीं हुई तो निकालेंगे रोष मार्च
हरियाणा के नारनौल में चर्चित मंगलमुखी किन्नर समाज के प्रधान विनोद सैनी सुसाइड मामले को करीब चार सप्ताह बीतने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों और समर्थकों ने पुलिस जांच पर सवाल उठाए हैं। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में एडवोकेट प्रमोद तरेडिया और दीक्षित सैनी ने कहा कि वे मामले की जांच से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जांच जिस दिशा में चल रही है, वह सही नहीं है। वहीं दूसरी ओर पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इस मामले में एसआईटी गठित की हुई है। मंगलमुखी समाज के प्रधान विनोद सैनी की मृत्यु से जुड़े संवेदनशील मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस कर रही जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा 23 अक्टूबर को विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र सैनी की निगरानी में गठित टीम में डीएसपी मुख्यालय भारत भूषण, थाना शहर नारनौल प्रभारी, सीआईए नारनौल प्रभारी, एसआई गुणपाल तथा जिला साइबर सेल प्रभारी को शामिल किया गया है। जांच हो रही प्रभावित एडवोकेट प्रमोद तरेडिया ने कहा कि मामले में अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच को कोई उच्च अधिकारी प्रभावित कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें कुछ लोगों के माध्यम से जानकारी मिली है कि कुछ आला अधिकारी जांच को दूसरी दिशा में ले जाना चाहते हैं। जांच अधिकारी की कराएंगे जांच उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बरती गई तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर जांच अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की मांग की जाएगी। बच्चियों को लेकर कही बात से आहत था विनोद बातचीत के दौरान प्रमोद तरेडिया ने कहा कि यह मामला पैसे के लेन-देन से जुड़ा नहीं है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार विनोद सैनी की बेटियों के बारे में की गई कथित टिप्पणियों से वह काफी आहत हुआ था। उनकी बेटियां विवाह योग्य हैं और उनके बारे में कही गई बातों से विनोद मानसिक रूप से टूट गया था। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाया। 7 दिन में गिरफ्तारी नहीं हुई तो मार्च उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने सात दिन के भीतर सुसाइड नोट में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो शहर में रोष प्रदर्शन निकाला जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से भी इस मार्च में शामिल होकर विनोद सैनी को न्याय दिलाने की अपील की। सुसाइड नोट में नामजद तीनों आरोपियों पर कार्रवाई की मांग प्रमोद तरेडिया और दीक्षित सैनी ने कहा कि उनकी मुख्य मांग सुसाइड नोट में नामजद तीनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि सुसाइड नोट में विनोद सैनी ने जिन लोगों के नाम लिखे हैं, उनके खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उनका कहना है कि विनोद सैनी को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।