Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

ट्रक रोककर कट्टा दिखाया और रुपए-डीजन चने लूटे:शिवपुरी में 170 लीटर फ्यूल; आरोप- जान से मारने की भी धमकी दी

INT News12 October 2026 at 04:14 pm

शिवपुरी जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-46 पर ट्रक को रोककर लूट की वारदात सामने आई है। ट्रक चालक ने आरोप लगाया कि सफेद रंग की बिना नंबर की डस्टर कार में सवार चार बदमाशों ने ट्रक के आगे कार लगाकर उसे रोक लिया। इसके बाद कट्टा दिखाकर चालक और हेल्पर को नीचे उतारा और उनसे नकदी, डीजल व चने की बोरियां लूट लीं। हालांकि, पुलिस ने मामले को संदिग्ध बताते हुए जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक अंकित चौहान निवासी कानपुर के मुताबिक, वह झांसी से ट्रक में चने का बीज भरकर सीहोर जा रहा था। ट्रक में उसके साथ हेल्पर वीरेंद्र अहिरवार भी मौजूद था। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब 3:30 बजे बदरवास थाना क्षेत्र के मांगरोल ब्रिज पर एक सफेद रंग की बिना नंबर की डस्टर कार ने ट्रक के आगे गाड़ी लगाकर उसे रुकवा लिया। चालक का आरोप है कि कार से चार लोग उतरे। इनमें से एक बदमाश ट्रक में घुसा और उसकी छाती पर कट्टा अड़ा दिया। इसके बाद उसे नीचे उतारकर सड़क किनारे ले गए। वहीं, दूसरे बदमाश ने हेल्पर वीरेंद्र अहिरवार को कट्टा दिखाकर अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान बाकी बदमाशों ने ट्रक से सामान निकालना शुरू कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने चालक की जेब में रखे करीब 6,500 रुपए निकाल लिए। इसके अलावा ट्रक के डीजल टैंक से लगभग 170 लीटर डीजल और ट्रक में भरी चने के बीज की 15 से 20 बोरियां निकालकर अपनी कार में रख लीं। चालक के मुताबिक, बदमाश उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। इसी दौरान पीछे से एक अन्य ट्रक वहां पहुंचा और चालक ने ब्रेक लगा दिए। दूसरे ट्रक को आता देख कार सवार बदमाश मौके से भाग निकले। घटना के बाद ट्रक चालक ने बदरवास थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस बोली- संदिग्ध लग रहा मामला

बदरवास थाना प्रभारी नवीन यादव ने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। इससे पहले भी इस तरह की घटनाओं के मामले सामने आए थे, जिनकी जांच में अलग तथ्य सामने आए थे। फिलहाल पुलिस मामले में गहनता से पूछताछ और जांच कर रही है। थाना प्रभारी के मुताबिक, जांच के बाद ही एफआईआर दर्ज करने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।