Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

VIDEO: हाजीपुर नगर परिषद में कर्मचारियों की हड़ताल जारी, कार्यपालक पदाधिकारी पर लगाए गंभीर आरोप; देखें क्या हैं मांगें

INT News12 October 2026 at 01:08 pm

Hajipur Nagar Parishad : नगर परिषद हाजीपुर में कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल सोमवार को भी जारी रही. कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर नगर परिषद कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे रहे. कर्मचारियों का कहना है कि हड़ताल शुरू होने के बाद अब तक किसी वरीय पदाधिकारी ने उनकी समस्याओं को सुनने या समाधान की पहल नहीं की है. इससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ रही है. हड़ताल लंबी खिंचने पर नगर परिषद के कामकाज और शहर की नागरिक सुविधाओं पर असर पड़ने की आशंका है.

10 अक्टूबर से कलमबंद हड़ताल पर हैं कर्मचारी

नगर परिषद के कर्मचारियों ने कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार दास पर गंभीर आरोप लगाते हुए 10 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल और सामूहिक कार्य बहिष्कार शुरू किया था. कर्मचारियों का आरोप है कि उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता है और गाली-गलौज के साथ मानसिक प्रताड़ना की जाती है.

कर्मचारियों ने वर्तमान प्रधान सहायक-सह-लेखापाल मनोज कुमार आर्य पर कथित तौर पर दबाव बनाए जाने का मुद्दा भी उठाया है. उनका आरोप है कि नियमों के विरुद्ध मनीष कुमार को प्रभार सौंपने के लिए मनोज कुमार आर्य पर दबाव बनाया गया.

आयुक्त के पत्र का हवाला देकर प्रभार सौंपने पर जताई थी आपत्ति

कर्मचारियों के अनुसार, मनोज कुमार आर्य ने तिरहुत प्रमंडल के आयुक्त के पत्रांक 663, दिनांक 7 अक्टूबर 2026 का हवाला देते हुए प्रभार सौंपने पर आपत्ति जताई थी. इसके बावजूद उन पर दबाव बनाए जाने का आरोप है. कर्मचारियों का कहना है कि इसी मामले को लेकर उन्होंने आंदोलन शुरू किया है.

चार मांगों पर अड़े कर्मचारी, कार्रवाई तक जारी रहेगा आंदोलन

हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने अपनी मांगें स्पष्ट करते हुए कहा कि वे सम्मानजनक व्यवहार की गारंटी चाहते हैं. इसके साथ ही मनोज कुमार आर्य के साथ कथित अभद्रता के मामले में लिखित माफी, कर्मचारियों को धमकी देने पर रोक और आयुक्त के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने की मांग की जा रही है.

कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक कलमबंद हड़ताल और सामूहिक कार्य बहिष्कार जारी रहेगा. वहीं, आंदोलन के कारण नगर परिषद के दैनिक कामकाज पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है.

कार्यपालक पदाधिकारी ने हड़ताल को बताया अवैध

दूसरी ओर, कार्यपालक पदाधिकारी सुशील कुमार दास ने कर्मचारियों के आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उन्होंने हड़ताल को नियमों के अनुरूप नहीं बताते हुए अवैध करार दिया. उनका कहना है कि उन्हें हड़ताल की सूचना नहीं मिली है. उन्होंने यह भी कहा कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल कर्मचारियों का धरना जारी है और विवाद के समाधान के लिए वरीय अधिकारियों की पहल का इंतजार किया जा रहा है.