Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पति पर पहली शादी छिपाकर विवाह करने का आरोप:अंबाला में शादी के बाद खुला राज; पति समेत 4 लोगों पर FIR दर्ज

INT News12 October 2026 at 01:36 pm

अंबाला सिटी की एक महिला ने पति पर पहली शादी और तलाक की जानकारी छिपाकर शादी करने, पैसों की मांग करने और मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना देने के आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर अंबाला सिटी थाना पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। FIR में पति के अलावा उसकी मां, भाई और बुआ को आरोपी बनाया गया है। महिला ने शिकायत में बताया कि उसकी मुलाकात पति से मैट्रिमोनियल वेबसाइट जीवनसाथी के जरिए हुई थी। आरोप है कि पति ने खुद को अविवाहित बताया, जबकि उसकी पहले शादी हो चुकी थी और जुलाई 2023 में तलाक हुआ था। महिला के मुताबिक, 27 सितंबर 2023 को शादी के बाद उसे इस बारे में जानकारी मिली। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पति और उसके परिवार ने पहले इस बात को छिपाया था। शादी के कुछ दिन बाद ही पैसों की मांग का आरोप महिला के अनुसार, शादी के करीब आठ दिन बाद ही पति ने उससे पैसे लेने शुरू कर दिए। उसने आरोप लगाया कि पति और सास ने अलग-अलग समय पर उससे रकम मांगी। शिकायत में अप्रैल से जुलाई 2024 के बीच कई बार 21 हजार और 51 हजार रुपए लेने का जिक्र किया गया है। महिला का दावा है कि पति की सैलरी भी उसकी मां के खाते में जाती थी और ऑस्ट्रेलिया में रहने के दौरान घर का खर्च उसने खुद उठाया। गर्भावस्था में भी परेशान करने का आरोप शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि गर्भावस्था के दौरान भी पति उससे पैसों की मांग करता था और खर्च उठाने से बचता था। महिला के मुताबिक, उसे डॉक्टर की फीस, जांच, अल्ट्रासाउंड और अन्य चिकित्सा खर्च खुद उठाने पड़े। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति और सास ने गर्भ में पल रहे बच्चे के लिंग की जांच कराने के लिए दबाव बनाया। महिला ने शिकायत में बताया कि 4 जून 2025 को भारत लौटते समय गर्भावस्था के आठवें महीने में पति उसे एयरपोर्ट पर अकेला छोड़कर चला गया। इसके बाद बेटी के जन्म और इलाज का खर्च भी उसके मायके वालों ने उठाया। बेटी के जन्म के बाद भी प्रताड़ना का आरोप महिला का आरोप है कि बेटी के जन्म के बाद ससुराल में उसे अपमानित किया गया और उसके गहने व स्त्रीधन वापस नहीं किए गए। उसने पति पर मारपीट, धमकी देने और बेटी के भरण-पोषण की जिम्मेदारी नहीं निभाने का भी आरोप लगाया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पति ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर खुद को अविवाहित बताकर अन्य महिलाओं से संपर्क किया। अब अंबाला सिटी थाना पुलिस ने न्याय संहिता की धारा 85, 115(2), 316(2) और 351(2) के तहत केस दर्ज किया है।