Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

गोपालगंज में नवरात्र पर डांडिया कार्यक्रमों पर रोक, पुलिस ने अनुमति देने से किया इन्कार

INT News12 October 2026 at 09:13 am

Durga Puja 2026 : नवरात्र के दौरान इस बार गोपालगंज शहर में डांडिया कार्यक्रमों की रौनक फीकी रहने वाली है. जिला प्रशासन ने विधि-व्यवस्था और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए शहर में प्रस्तावित डांडिया आयोजनों को अनुमति देने से इनकार कर दिया है. इससे कार्यक्रमों की तैयारी कर रहे आयोजकों और डांडिया प्रेमियों को निराशा हाथ लगी है.

शहर में 14 से 19 अक्टूबर तक विभिन्न मैरेज हॉल और पार्टी जोन में डांडिया कार्यक्रम आयोजित करने की योजना थी. हालांकि, नवरात्र और दशहरा मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की जरूरत को देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रमों की अनुमति नहीं देने का निर्णय लिया है.

पूजा पंडालों और मेला स्थलों पर रहेगी सुरक्षा व्यवस्था

प्रशासन के अनुसार, नवरात्र और दशहरा के दौरान पूजा पंडालों, मेला स्थलों और शहर के प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट की तैनाती की जानी है. ऐसे में डांडिया कार्यक्रमों के लिए अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराना संभव नहीं है. इसी वजह से आयोजनों को अनुमति देने से इनकार किया गया है.

संचालकों को नगर थाने बुलाकर कराया जाएगा बॉन्ड डाउन

नगर इंस्पेक्टर ने बताया कि डांडिया कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रहे सभी संचालकों को नगर थाने बुलाया जाएगा. वहां उनसे बॉन्ड डाउन कराया जाएगा, ताकि प्रशासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जा सके.

इन जगहों पर प्रस्तावित थे डांडिया कार्यक्रम

शहर में 14 अक्टूबर को आशीर्वाद वाटिका और मनोरमा मैरेज हॉल में डांडिया कार्यक्रम प्रस्तावित थे. वहीं, 15 अक्टूबर को पार्टी जोन और आशीर्वाद वाटिका, 16 अक्टूबर को उत्सव मैरेज हॉल तथा 17 से 19 अक्टूबर तक पार्टी जोन स्क्वायर में आयोजन होना था. प्रशासन के फैसले के बाद इन कार्यक्रमों पर रोक लग गई है.