Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

रात में या अकेला करना है सफर, कर लें यह काम, बिहार पुलिस हर 15 मिनट में आपको ट्रैक करेगी

INT News12 October 2026 at 02:53 pm

Dial 112 India App : बिहार में अब सफर के दौरान असुरक्षित महसूस करने वाले लोगों को मदद के लिए पुलिस को बार-बार फोन करने की जरूरत नहीं होगी. वे 112 इंडिया मोबाइल एप पर एक क्लिक कर अपनी यात्रा की जानकारी दर्ज कर सकेंगे. इसके बाद आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली (ईआरएसएस) यानी डायल 112 की पुलिस उनकी यात्रा पर नजर रखेगी.

पुलिस हर 15 मिनट पर फोन कर यात्री से उसकी कुशलता की जानकारी लेगी. यात्रा पूरी होने और यात्री के सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचने तक यह प्रक्रिया जारी रहेगी. इस सुविधा के लिए 112 इंडिया एप में 'ट्रैक मी' विकल्प से जोड़ा जा रहा है. इसका ट्रायल शुरू कर दिया गया है और दीपावली से पहले इसे लोगों के लिए शुरू करने की तैयारी है.

यात्रा की पूरी जानकारी करनी होगी दर्ज

ट्रैक मी विकल्प के माध्यम से सुरक्षित सफर की सुविधा लेने के लिए यात्री को एप पर अपनी यात्रा से जुड़ी पूरी जानकारी दर्ज करनी होगी. इसमें यात्रा शुरू करने का स्थान, गंतव्य, सफर का माध्यम और यात्रा का संभावित समय बताना होगा. इसके आधार पर संबंधित मार्ग की जानकारी डायल 112 की पुलिस को उपलब्ध होगी.

यात्रा मार्ग में तैनात 112 वाहनों को भी पहले से सतर्क किया जायेगा, ताकि जरूरत पड़ने पर यात्री तक जल्द से जल्द मदद पहुंचायी जा सके.

View on Instagram

अभी महिलाओं को मिल रही ऑफलाइन सुविधा

फिलहाल सुरक्षित सफर की सुविधा महिलाओं को ऑफलाइन माध्यम से दी जा रही है. इसके लिए महिला यात्री को डायल 112 पर फोन कर बताना पड़ता है कि वह कहां से कहां तक जा रही हैं, किस माध्यम से यात्रा करेंगी और यात्रा का समय क्या है. इन जानकारियों के आधार पर पुलिस उसकी यात्रा के दौरान निगरानी और संपर्क बनाये रखती है.

फोन नहीं उठाने पर लोकेशन से पहुंचेगी पुलिस

यात्रा के दौरान डायल 112 की पुलिस हर 15 मिनट पर यात्री को फोन कर यह जानकारी लेगी कि वह सुरक्षित है या नहीं. अगर यात्री फोन रिसीव नहीं करता है और कुछ समय तक उससे संपर्क नहीं हो पाता है, तो पुलिस उसके मोबाइल की लोकेशन के आधार पर नजदीकी 112 वाहन को सूचना देगी.

इसके बाद संबंधित वाहन में तैनात पुलिसकर्मी यात्री की लोकेशन पर पहुंचकर स्थिति की जांच करेंगे और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे. इस व्यवस्था का उद्देश्य यात्रा के दौरान किसी अनहोनी की आशंका होने पर पुलिस को समय रहते सतर्क करना है.

यह भी पढ़ें :

पटना राजधानी समेत प्रीमियम ट्रेनों के भोजन पर नजर रखेगा AI कैमरा, QR कोड से सब पता चलेगा