Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

कई दशकों से भिक्षा मांगकर छठ करने की अनूठी परंपरा:त्याग, विनम्रता और सामाजिक समानता का संदेश, 15 हजार से अधिक लोग कर रहे व्रत

INT News14 November 2026 at 03:49 pm

सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सबसे बड़े शहर रामानुजगंज में इन दिनों भक्ति और आस्था का अलग ही रंग देखने को मिल रहा है। छठी मइया की आराधना के बीच यहां की एक अनूठी परंपरा लोगों का ध्यान खींच रही है। यह परंपरा है भिक्षा मांगकर छठ व्रत करने की। रामानुजगंज क्षेत्र में 15 हजार से अधिक लोग भिक्षाटन कर छठ पर्व कर रहे हैं। कई दशकों से चली आ रही इस परंपरा में त्याग, तपस्या और विनम्रता के साथ सामाजिक समानता का संदेश भी छिपा है। खास बात यह है कि इस परंपरा में पूरा नगर सहभागी बनता है। नगर का कोई ऐसा घर नहीं रहता, जहां से छठ व्रत करने वालों को सहयोग न मिलता हो। पहले देखिये यह तस्वीरें नहाय-खाय के साथ शुरू हो जाता है भिक्षाटन चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इसी दिन से भिक्षा मांगकर छठ करने वाले व्रती घरों तक पहुंचना शुरू कर देते हैं। इसके बाद वे नगर के अलग-अलग मोहल्लों और बाजारों में जाकर श्रद्धापूर्वक भिक्षा मांगते हैं। इस दौरान उनके हाथों में भिक्षा के लिए पात्र या थैले होते हैं और वे घर-घर जाकर लोगों से सहयोग लेते हैं। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में व्रतियों के एक साथ भिक्षाटन के लिए निकलने से नगर में खास चहल-पहल दिखाई दी। नगर के मुख्य बाजार में एक साथ बड़ी संख्या में लोग भिक्षा मांगने पहुंचे तो वहां मेले जैसा माहौल बन गया। बाजार में लोगों की भीड़ और व्रतियों की आवाजाही से पूरा इलाका छठमय नजर आया। इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए भी लोगों की नजरें बाजार की ओर लगी रहीं। पद-प्रतिष्ठा छोड़कर विनम्रता अपनाने का संदेश भिक्षा मांगकर छठ करने की यह परंपरा कई दशकों से निभाई जा रही है। इसके पीछे धार्मिक आस्था के साथ गहरा सामाजिक संदेश भी जुड़ा है। माना जाता है कि भिक्षाटन के माध्यम से व्यक्ति अपने भीतर के अहंकार का त्याग करता है। छोटे-बड़े, अमीर-गरीब और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर वह समाज के हर व्यक्ति के सामने विनम्र भाव से पहुंचता है। इस दौरान व्यक्ति अपने पद, प्रतिष्ठा और सामाजिक हैसियत को पीछे रखकर भिक्षा मांगता है। भिक्षाटन के दौरान व्रतियों का अनुशासन और व्यवहार भी इस परंपरा की विशेषता है। वे शांति और विनम्रता के साथ घर-घर पहुंचते हैं। न कोई दिखावा होता है और न ही किसी तरह का दबाव। श्रद्धा और समर्पण के साथ की जाने वाली यह प्रक्रिया व्यक्ति को त्याग और सादगी का भाव अपनाने का संदेश देती है। मनोकामना पूर्ति के लिए भी लेते हैं संकल्प कई लोग विशेष मनोकामना की पूर्ति के लिए भी भिक्षा मांगकर छठ व्रत करने का संकल्प लेते हैं। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि भिक्षाटन के साथ छठ व्रत करने से मन में त्याग, तपस्या और विनम्रता का भाव विकसित होता है। इसी आस्था के चलते लोग अपनी सामर्थ्य और सामाजिक स्थिति की परवाह किए बिना इस परंपरा का हिस्सा बनते हैं। नगर का हर घर बनता है इस परंपरा का सहभागी रामानुजगंज में इस परंपरा की सबसे खास बात नगरवासियों की सहभागिता है। भिक्षा मांगकर छठ करने वालों की मदद के लिए पूरा नगर आगे आता है। यहां लगभग हर घर से व्रतियों को अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग दिया जाता है। कोई पूजा में उपयोग होने वाली सामग्री देता है तो कोई अन्य जरूरत की वस्तुएं देकर अपनी भागीदारी निभाता है। इस तरह भिक्षा मांगने और देने वाले दोनों ही छठ की इस परंपरा से जुड़ते हैं। आधुनिकता के दौर में भी हजारों लोगों द्वारा इस परंपरा को जीवित रखना रामानुजगंज की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। छठ महापर्व यहां केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि त्याग, अनुशासन, विनम्रता, सामाजिक समानता और सामूहिक सहयोग की भावना को मजबूत करने का अवसर भी बनता है। समानता की भावना के साथ दान पूजा समिति के अध्यक्ष अलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि भिक्षा मांगकर छठ व्रत रखने की यह प्राचीन परंपरा है। शहर और गांव के लोग इस दौरान व्रतियों को श्रद्धापूर्वक भिक्षा देते हैं। करीब 15 से 20 हजार लोग भिक्षा मांगकर छठ पूजा करते हैं। इस परंपरा के माध्यम से लोग ऊंच-नीच का भेद मिटाकर सहयोग और समानता की भावना के साथ दान करते हैं, ताकि हर वर्ग के लोग छठ पूजा पूरे विधि-विधान और धूमधाम से कर सकें।