समाचार · मध्य प्रदेश
PNB बैंक में चोरी की कोशिश करने वाले आरोपी पकड़ाए:दीपावली की सुबह 4:18 बजे तोड़ा था बैंक का शटर, कैमरे भी तोड़े थे
गांगीवाड़ा स्थित पंजाब नेशनल बैंक में चोरी की कोशिश करने वाले गिरोह को देहात पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि उल्लंघनकर्ता किशोर को अभिरक्षा में लिया है। वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। गिरफ्तार दोनों युवकों के खिलाफ पहले भी जिले के अलग-अलग थानों में चोरी के मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, 8 नवंबर को सुबह करीब 4:18 बजे बैंक का सायरन बजने पर ब्रांच मैनेजर को अलर्ट मिला था। उन्होंने बैंक कर्मचारियों को मौके पर भेजा तो शटर खुला मिला और ताले टूटे हुए थे। बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे भी क्षतिग्रस्त मिले। इसके बाद मैनेजर की शिकायत पर देहात थाने में चोरी के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। सीसीटीवी और फिंगर प्रिंट से मिला सुराग दीपावली के दिन हुई इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसपी अजय पांडे और एएसपी आशीष खरे के निर्देशन में विशेष टीम बनाई गई। नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत की टीम ने सीसीटीवी फुटेज, फिंगर प्रिंट और अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की। 13 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो युवकों और एक किशोर को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ बैंक में घुसकर वारदात करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे की रॉड और हीरो सीडी डीलक्स बाइक (MP28-MC-2640) जब्त की है। पहले भी चोरी के मामलों में नाम गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अल्ताफ कुरैशी (19), निवासी अलीनगर और आदर्श बोहद (19), निवासी पातालेश्वर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार अल्ताफ के खिलाफ कोतवाली और आदर्श के खिलाफ देहात थाने में पहले भी चोरी के अपराध दर्ज हैं। चौथे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस ने निकाला आरोपियों का जुलूस चोरी करने वाले आरोपियों का जुलूस देहात थाना पुलिस के द्वारा निकाला गया। टीआई गोविंद राजपूत ने बताया कि जल्द ही फरार हुए आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।