समाचार · छत्तीसगढ़
नर्सरी में पेड़ पर लटकी मिली युवक की लाश:कोरबा में कल शाम से था लापता, पुलिस सभी पहलुओं पर कर रही जांच
कोरबा के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के राकसिपारा डगनिया गांव में घर से करीब 100 मीटर दूर नर्सरी में 24 वर्षीय युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने नर्सरी में पेड़ पर शव देखा, जिसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान जय कुमार पटेल (24), पिता मोहन पटेल, निवासी राकसिपारा डगनिया के रूप में हुई है। बताया गया कि जय कुमार रविवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, पर कोई जानकारी नहीं मिली। रविवार शाम से घर से निकला था युवक सोमवार सुबह करीब 7 बजे ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नर्सरी में पेड़ पर मिले युवक के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल परिजनों और बांकीमोंगरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद शव को नीचे उतारा गया और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। मजदूरी कर परिवार की मदद करता था युवक परिजनों ने बताया कि जय कुमार अविवाहित था और मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में मदद करता था। वह माता-पिता और भाई-बहनों के साथ रहता था। परिजनों के अनुसार, वह ज्यादा लोगों से मेलजोल नहीं रखता था और अधिकतर समय घर पर ही रहता था। पिछले कुछ दिनों से वह काम पर भी नहीं जा रहा था। मर्ग कायम, जांच जारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि 24 वर्षीय युवक कल शाम से लापता था जहां उसकी लाश नर्सरी में सुबह देखी गई है परिजनों का बयान दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। बांकीमोंगरा पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।