Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

बलिया में ट्रक की टक्कर से 12वीं की छात्रा की मौत, होमगार्ड गंभीर, बेटी का शव देख बिलख पड़े परिजन

INT News12 October 2026 at 04:07 pm

Ballia Road Accident : (संतोष सिंह) उत्तर प्रदेश के बलिया में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूल से साइकिल पर घर लौट रही कक्षा 12वीं की छात्रा की मौत हो गई. हादसा फेफना-रसड़ा मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास श्रीराम होटल के सामने हुआ. रसड़ा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने छात्रा की साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना में एक होमगार्ड भी गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही छात्रा के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. बेटी का शव देखकर वे बिलख पड़े. उधर, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

स्कूल से छुट्टी के बाद साइकिल से घर लौट रही थी छात्रा

जानकारी के अनुसार, एकौनी निवासी रमेश चंद्र मौर्य की बेटी संध्या मौर्य फेफना स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 11वीं में पढ़ती थी. सोमवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह साइकिल से घर लौट रही थी. इसी दौरान फेफना-रसड़ा मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास श्रीराम होटल के सामने रसड़ा की ओर से आ रहे ट्रक ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में संध्या की मौके पर ही मौत हो गई.

बेटी का शव देख बेसुध हुए परिजन

हादसे की खबर मिलते ही संध्या के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए. बेटी को घर लौटते देखने की उम्मीद लेकर पहुंचे परिजनों के सामने जब उसका शव आया, तो वे फूट-फूटकर रोने लगे. परिजनों की चीख-पुकार से घटनास्थल का माहौल गमगीन हो गया. हादसे की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए.

दुर्घटना में होमगार्ड गंभीर रूप से घायल

इस सड़क हादसे में एकौनी निवासी होमगार्ड राज नारायण सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया.

पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर फेफना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रक को कब्जे में ले लिया. फेफना थानाध्यक्ष अखिलेश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. छात्रा की मौत से परिवार में मातम पसरा है.

यह भी पढ़ें: मेरठ-करनाल हाईवे पर हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने 4 लोगों को रौंदा, 3 की मौके पर मौत