Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · दिल्ली

CEC के खिलाफ राहुल गांधी का ‘चलो दिल्ली’ मार्च, सुप्रीम कोर्ट परिसर में याचिका दाखिल करने की मिली इजाजत

INT News12 October 2026 at 04:54 pm

Delhi Anti-CEC Protest: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के नेताओं ने दिल्ली में ‘चलो दिल्ली’ मार्च निकाला. इस बीच, सुप्रीम कोर्ट प्रशासन ने राहुल गांधी समेत 5 से 10 विपक्षी नेताओं को अपने वकीलों के साथ अदालत परिसर में याचिका दाखिल करने की अनुमति दे दी है.

सुप्रीम कोर्ट परिसर में याचिका दाखिल करेंगे विपक्षी नेता

राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन के अन्य नेता कनॉट प्लेस से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च के लिए निकले. विपक्षी दल चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर विरोध जता रहे हैं. सुप्रीम कोर्ट प्रशासन ने 5 से 10 नेताओं को अपने वकीलों के साथ अदालत परिसर के अंदर स्थित फाइलिंग काउंटर पर याचिका दाखिल करने की इजाजत दी है. यह काउंटर हाई-सिक्योरिटी जोन के बाहर है और आम लोगों के लिए भी उपलब्ध है. यहां प्रवेश के लिए अलग पास की जरूरत नहीं है.

ये भी पढ़ें: Delhi Protest Live Updates Hindi : राहुल-प्रियंका की अगुवाई में INDIA ब्लॉक का प्रदर्शन, सुप्रीम कोर्ट मार्च में शामिल हुईं नेहा बोरा

CJI ने विपक्षी सांसदों से मिलने से किया इनकार

विपक्षी नेताओं ने इस मुद्दे पर भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत से मुलाकात का अनुरोध किया था, लेकिन उन्होंने मिलने में असमर्थता जताई. सोमवार को CJI ने कहा कि हर भारतीय नागरिक को अदालत का दरवाजा खटखटाने का अधिकार है और कोर्ट सभी के लिए खुला है.

CJI सूर्यकांत ने बताया कि उन्हें रविवार को मुलाकात के अनुरोध से जुड़ा पत्र मिला था. उन्होंने उसी रात जवाब देते हुए विपक्षी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात नहीं कर पाने की वजह बताई. उन्होंने यह बात राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के 33वें स्थापना दिवस कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से कही.

राहुल गांधी ने दिया ‘लोकतंत्र और न्याय’ का नारा

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मार्च का ऐलान करते हुए लिखा था-

“लोकतंत्र के लिए मार्च. न्याय के लिए मार्च. चलो दिल्ली.”

इसके बाद इंडिया गठबंधन के नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च किया. CJI से मुलाकात नहीं होने के बावजूद विपक्ष का प्रदर्शन जारी रहा. अब विपक्षी नेताओं की ओर से अदालत परिसर में याचिका दाखिल करने की तैयारी है.