समाचार · बिहार
बिहार MLC चुनाव: नीरज कुमार की प्रचार लिस्ट में बड़े नेताओं के नाम, ललन सिंह गायब, क्या बोले उम्मीदवार

Bihar MLC Election : पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एक बार फिर मैदान में उतरे जेडीयू के विधान पार्षद नीरज कुमार के लिए पार्टी ने चुनाव प्रचार की रूपरेखा तैयार कर ली है. इस सूची के मुताबिक नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार, डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी जैसे दिग्गज नेता उनके लिए प्रचार करेंगे.
इस लिस्ट में केंद्रीय मंत्री और मुंगेर सांसद ललन सिंह का नाम न होना हैरान करने वाला है. ललन सिंह को ही अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी दी गई थी, ऐसे में उनका नाम सूची से हटना पार्टी के भीतर चल रही खींचतान की ओर इशारा करता है.
नीरज कुमार ने दी सफाई, कहा- पार्टी दफ्तर ने बनाई है लिस्ट
जब इस बारे में खुद उम्मीदवार नीरज कुमार से सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रचार सूची उन्होंने खुद नहीं बनाई है, बल्कि इसे जदयू कार्यालय की ओर से जारी किया गया है.
जब पत्रकारों ने याद दिलाया कि संबंधित क्षेत्र में वे स्थानीय सांसद हैं, तब नीरज कुमार ने बाढ़ के विधायक डॉ. सियाराम सिंह का हवाला देते हुए कहा कि इलाके में विधायक भी मौजूद हैं. उन्होंने ललन सिंह की व्यस्तता का हवाला देते हुए किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया, लेकिन सियासी चर्चाओं का बाजार गर्म है.
अनंत सिंह की बगावत और डैमेज कंट्रोल की कोशिशें
पटना स्नातक सीट पर मुकाबला इसलिए भी बेहद रोमांचक हो गया है क्योंकि मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह खुलकर जेडीयू उम्मीदवार के खिलाफ खड़े हो गए हैं. अनंत सिंह ने जन सुराज समर्थित उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह को अपना समर्थन दे दिया है, जिससे पार्टी के सामने असहज स्थिति पैदा हो गई है.
विवाद को शांत करने के लिए 5 अक्टूबर को ललन सिंह ने मध्यस्थता की थी और दावा किया था कि अनंत सिंह सार्वजनिक बयानबाजी नहीं करेंगे. उन्होंने प्रचार करने से साफ मना कर दिया था. अब ललन सिंह का नाम प्रचार सूची से बाहर होने पर यह सवाल उठने लगा है कि क्या डैमेज कंट्रोल का फॉर्मूला फेल हो गया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
डॉ. संजीव सिंह का नवल किशोर यादव पर बड़ा हमला
विधान परिषद चुनाव के बीच बयानों के तीर भी खूब चल रहे हैं. पटना शिक्षक सीट से राजद के उम्मीदवार डॉ. संजीव सिंह ने बीजेपी के कद्दावर और पांच बार के एमएलसी नवल किशोर यादव को लेकर एक बड़ा दावा किया है.
डॉ. संजीव सिंह ने बयान दिया कि अनंत सिंह ने नवल किशोर यादव को कथित तौर पर बांधकर पीटा था, जिसका मानसिक दबाव और दर्द आज भी उनके जेहन में रहता है. इस बयान से चुनाव का पारा और ज्यादा चढ़ गया है.
इसे भी पढ़ें: सिताब दियारा से आरा-पटना पहुंचना होगा आसान, घट जाएगी 40 किमी दूरी, मानसून में नहीं कटेगा जेपी के गांव का संपर्क