समाचार · मध्य प्रदेश
गरबा पंडालों में नियोन, बॉलीवुड और हेलोवीन थीम पर आपत्ति:अनुमति निरस्त करने की मांग, 3 साल से ज्ञापन देने के वावजूद सुधार नहीं होने का आरोप
छिंदवाड़ा में गरबा पंडालों में नियोन, बॉलीवुड और हेलोवीन जैसी थीम पर आयोजन की चर्चाओं के बीच बजरंग दल ने आपत्ति जताई है। संगठन ने चेतावनी दी कि गरबा के नाम पर पश्चिमी संस्कृति से जुड़े आयोजन और कथित अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे आयोजन सामने आने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। तीन साल से ज्ञापन देने का दावा बजरंग दल का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से गरबा आयोजनों में कथित अनियमितताओं को लेकर ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं और आयोजकों को समझाइश दी जा रही है। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर माता की भक्ति के नाम पर व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। पंडालों की जांच के लिए टीम बनाने की मांग संगठन ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि गरबा पंडालों की निगरानी के लिए अधिकारियों की टीम गठित की जाए। टीम समय-समय पर पंडालों की जांच करे और नियमों के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर कार्रवाई सुनिश्चित करे। बजरंग दल ने अनियमितता पाए जाने पर संबंधित गरबा पंडाल की अनुमति तत्काल निरस्त करने की मांग भी की है। बजरंग दल का कहना है कि भारतीय संस्कृति और धार्मिक आस्था से जुड़े कार्यक्रमों में मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। अब इस मामले में प्रशासन की प्रतिक्रिया और कार्रवाई पर नजर रहेगी।