Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

'थापी' की टीम संग नीरू बाजवा गोल्डन टेंपल पहुंची:गुरु का लिया आशीर्वाद, सेवा की व लंगर छका, गुरुद्वारा शहीद गंज में भी नतमस्तक

INT News12 October 2026 at 04:34 pm

मशहूर पंजाबी अभिनेत्री नीरू बाजवा अपनी आगामी पंजाबी फिल्म 'थापी' की रिलीज से पहले सोमवार को अमृतसर के सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में नतमस्तक हुईं। इस दौरान उनके साथ फिल्म के मुख्य अभिनेता सनी सिंह और 'थापी' की पूरी टीम भी मौजूद रही। नीरू बाजवा और उनकी टीम ने श्री दरबार साहिब में माथा टेका और देश-दुनिया के भले व फिल्म की सफलता के लिए अरदास कर आशीर्वाद लिया। बर्तन सेवा की और लंगर छका: गुरु घर के प्रति नीरू बाजवा की गहरी श्रद्धा देखने को मिली। उन्होंने श्री दरबार साहिब में सेवा करते हुए बर्तनों की सेवा में भाग लिया और पूरे सम्मान व मर्यादा के साथ संगतों के साथ बैठकर गुरु का लंगर छका। उनके साथ आई स्टारकास्ट ने भी श्रद्धा भाव से सेवा में योगदान दिया। इसके बाद नीरू बाजवा और उनकी पूरी टीम ऐतिहासिक गुरुद्वारा शहीद गंज साहिब (शहीद बाबा दीप सिंह जी) भी पहुंची, जहां उन्होंने शीश नवाया और अरदास की। इस दौरान सिख परंपराओं और मर्यादा के प्रति उनका सम्मान साफ नजर आया। महिला सशक्तिकरण का संदेश देती है फिल्म 'थापी': उल्लेखनीय है कि नीरू बाजवा और सनी सिंह की मुख्य भूमिकाओं वाली पंजाबी फिल्म 'थापी' एक बेहद संवेदनशील और प्रेरणादायक विषय पर आधारित है। फिल्म की कहानी एक ऐसी महिला के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो समाज की पुरानी और संकुचित सोच को चुनौती देते हुए लड़कियों की कबड्डी टीम तैयार करती है। फिल्म में महिला सशक्तिकरण, आत्मविश्वास, संघर्ष और खेलों के प्रति जुनून को प्रमुखता से दर्शाया गया है। नीरू बाजवा का किरदार इसमें बेहद सशक्त है, जो समाज को लड़कियों को समान अवसर देने और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करता है।