Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

मानसा-बलविंदर पटवारी ने की अकाली दल में वापसी:कुछ दिन पहले ही भाजपा हुए थे शामिल, हलका इंचार्ज के इस्तीफे के बाद पार्टी में लौटे

INT News12 October 2026 at 03:17 pm

मानसा जिले के बुढलाडा विधानसभा क्षेत्र में एक बार फिर बड़ा राजनीतिक फेरबदल देखने को मिला है। वरिष्ठ नेता बलविंदर सिंह पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अलविदा कहकर शिरोमणि अकाली दल में वापसी कर ली है। उन्होंने भाजपा के जिला अध्यक्ष को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बुढलाडा विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति (SC) वर्ग के लिए आरक्षित है। डॉ. निशान सिंह के इस्तीफे के तुरंत बाद बलविंदर सिंह पटवारी की इस तरह हुई घर-वापसी से हलके के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। माना जा रहा है कि अकाली दल अब इस हलके में पटवारी को बड़ी जिम्मेदारी दे सकता है। टिकट की उम्मीद न होने से छोड़ी थी पार्टी बलविंदर सिंह पटवारी अकाली दल के पुराने और अनुभवी नेता रहे हैं। वह बुढलाडा (आरक्षित) विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रबल दावेदार माने जाते थे। हालांकि, जब सुखबीर सिंह बादल ने डॉ. निशान सिंह को बुढलाडा का हलका इंचार्ज नियुक्त किया था, तो पटवारी ने नाराजगी जताते हुए अकाली दल छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। हाल ही में बुढलाडा से हलका इंचार्ज डॉ. निशान सिंह ने निजी कारणों का हवाला देते हुए अकाली दल के सभी पदों से अचानक इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद खाली हुए राजनीतिक स्थान और बदले समीकरणों के चलते बलविंदर सिंह पटवारी ने फिर से अपनी पुरानी पार्टी में लौटने का फैसला लिया।