Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

झारखंड के NHM कर्मियों को जल्द मिलेगा सितंबर का मानदेय, अपर मुख्य सचिव ने दिया निर्देश

INT News12 October 2026 at 04:32 pm

रांची. झारखंड में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत कर्मियों के सितंबर माह तक के लंबित मानदेय और प्रोत्साहन राशि का अविलंब भुगतान करने का निर्देश दिया गया है. स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने सोमवार को हुई समीक्षा बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिया. उन्होंने टीबी मरीजों की पोषण राशि का भुगतान भी जल्द सुनिश्चित करने को कहा.

अपर मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक

बैठक में एनएचएम की वित्तीय स्थिति, विभिन्न पदों के पुनर्गठन और कर्मियों के भुगतान से जुड़े मामलों की समीक्षा की गयी. अपर मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि राज्य स्तर से लेकर जिला, प्रखंड और सहिया स्तर तक कार्यरत किसी भी कर्मी का मानदेय लंबित नहीं रहना चाहिए. उन्होंने कहा कि आगामी पूजा-पर्व को देखते हुए भुगतान समय पर किया जाए, ताकि कर्मियों को आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.

ये भी पढ़ें... JPSC परीक्षा रद्द करने के मामले में सुनवाई पूरी, झारखंड हाईकोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित

गढ़वा और जामताड़ा में कम खर्च पर जताई नाराजगी

बैठक के दौरान अजय कुमार सिंह ने एनएचएम की वित्तीय स्थिति की विस्तृत जानकारी ली. गढ़वा और जामताड़ा जिलों में उपलब्ध करायी गयी राशि के मुकाबले कम खर्च होने पर उन्होंने असंतोष जताया. उन्होंने अधिकारियों को खर्च की गति बढ़ाने और स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन तेज करने का निर्देश दिया, ताकि उपलब्ध राशि का समय पर उपयोग हो सके.

अक्टूबर का वेतन एचआरआईएस से देने का निर्देश

अपर मुख्य सचिव ने अक्टूबर माह के वेतन का भुगतान मानव संसाधन सूचना प्रणाली (एचआरआईएस) के माध्यम से करने को कहा. उन्होंने भुगतान प्रक्रिया में रांची जिले को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया. इसके बाद अन्य जिलों में भी वेतन भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया. एनएचएम के तहत कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों के भुगतान में तेजी लाने का निर्देश भी दिया गया. संबंधित अधिकारियों से कहा गया कि वेतन और पारिश्रमिक से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करें, ताकि भुगतान में अनावश्यक देरी न हो.

ये भी पढ़ें... SIR के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, झारखंड के मंत्री-विधायक और नेता हुए शामिल

10 दिन में एनएचएम का पुनर्गठन करने का निर्देश

बैठक में एनएचएम के पुनर्गठन (रिस्ट्रक्चरिंग) की भी समीक्षा की गयी. अपर मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया. इसके साथ ही लंबे समय से लंबित कर्मियों के स्वास्थ्य बीमा से जुड़े मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा.

समीक्षा बैठक में ये थे शामिल

बैठक में विभाग की विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव सहित विभाग और मिशन के कई अधिकारी उपस्थित थे. अपर मुख्य सचिव ने सभी अधिकारियों को वित्तीय व्यय, मानव संसाधन प्रबंधन और पदों के पुनर्गठन से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.