समाचार · मध्य प्रदेश
सीहोर में नियमों को ताक पर रखकर अवैध निर्माण:नमक चौराहा पर खोदा जा रहा बेसमेंट; नोटिस देने पहुंची टीम बैरंग लौटी
सीहोर में नगर पालिका नियमों के खिलाफ निर्माण जारी है। शहर के नमक चौराहा के पास एक जगह पर अवैध खुदाई कर निर्माण किया जा रहा है। नगर पालिका के नियमों के मुताबिक, इलाके में बेसमेंट बनाने की इजाजत नहीं है। इसके बावजूद नमक चौराहा पर एक बड़ा गड्ढा खोदा गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसे वाटर टैंक या सेप्टिक टैंक बताया जा रहा है, लेकिन यह अवैध बेसमेंट जैसा दिख रहा है। शिकायतें मिलने के बाद नगर पालिका की टीम जांच के लिए मौके पर पहुंची। टीम जब निर्माण करने वाले को नोटिस देने गई, तो वहां किसी ने नोटिस नहीं लिया। नोटिस न लेने के बाद भी निर्माण काम जारी है, जिससे नगर पालिका की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। इस खुदाई से आसपास के पुराने मकानों की नींव को खतरा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध निर्माण की तुरंत जांच कर इसे रोका जाए और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई हो।