समाचार · हरियाणा
सिरसा सोलर प्लांट ठेकेदार हत्याकांड में एक और आरोपी काबू:गोली मारते समय कवर किया था, दोस्ती की आड़ में साथ काम करता रहा
सिरसा जिले के गांव जमाल में सोलर प्लांट ठेकेदार सुभाष चंद्र की गोली मारकर हत्या मामले में एक और मुख्य आरोपी विजय कुमार उर्फ गोकुल को गिरफ्तार किया है। आरोपी विजय फतेहाबाद जिले के गांव जांडली का रहने वाला है। विजय ने हत्या में गोली मारने वाले राहुल को कवर करने का काम किया था और उस दिन वह उसके साथ-साथ था। पुलिस के अनुसार,गिरफ्तार आरोपी विजय कुमार वर्ष 2019 में लड़की के अपहरण के मामले में हिसार जेल में बंद था। इसी दौरान उसकी मुलाकात हत्या में संलिप्त आरोपी राकेश कुमार से हुई थी, जो दोस्ती की आड़ में वर्तमान में सोलर प्लांट में 15 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करता था। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है, ताकि वारदात में शामिल अन्य लोगों और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। प्लांट में बैठा था सुभाष, मारी थी गोलियां पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को नाथूसरी चौपटा थाना क्षेत्र के गांव जमाल में राजस्थान सीमा के पास हैक्सा सन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड का सोलर प्लांट लगाया जा रहा था। यहां ठेकेदारी का काम करने वाला सुभाष चंद्र दोपहर करीब डेढ़ बजे प्लांट में बैठा था। इसी दौरान दो-तीन युवक वहां पहुंचे और उसे गोली मारकर फरार हो गए। गंभीर हालत में सुभाष चंद्र को सिरसा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ केस
पुलिस ने मृतक के पिता भादर राम निवासी गांव जमाल की शिकायत पर मुख्य आरोपी राहुल सहित 10 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हत्या में संलिप्त दुसरे मुख्य आरोपी विजय कुमार उर्फ गोकुल को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर लिया रिमांड पर इस हत्याकांड में संलिप्त एक अन्य आरोपी राहुल निवासी गांव जमाल को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर ले चुकी है। अब पुलिस की टीमें मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। आज सोमवार को आरोपी विजय को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाया जाएगा।