समाचार · पंजाब
लुधियाना में इमिग्रेशन दफ्तर पर फायरिंग:बाइक पर आए 2 बदमाश, 2-3 राउंड गोलियां चलाईं; पीड़ित को मिल रही थी धमकियां
लुधियाना के मॉडल टाउन एक्सटेंशन में राइटवे वीजा कंसल्टेंट्स के दफ्तर पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पीछे बैठे युवक ने दफ्तर को निशाना बनाकर 2-3 राउंड गोलियां चलाईं और फरार हो गया। शुरुआती जांच में पीड़ित को पहले धमकियां मिलने और पैसों की मांग किए जाने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात बाइक पर दो अज्ञात बदमाश आए थे। पीछे बैठे युवक ने दफ्तर पर दो-तीन राउंड फायर किए। मॉडल टाउन के एसएचओ गुरशिंदर कौर ने बताया कि यह देर रात का मामला है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है। पीड़ित के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी जांच और कार्रवाई की जा रही है। पैसों की मांग और पुरानी धमकियां
शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ित को पहले भी धमकियां मिली थीं और पैसों की मांग की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पैसों की मांग कौन कर रहा था और कितनी रकम मांगी गई थी। बयान के बाद होगा पूरा खुलासा
एसएचओ ने बताया कि पीड़ित के आधिकारिक बयान दर्ज होने के बाद ही पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी और पता चल सकेगा कि इस फायरिंग के पीछे किसका हाथ है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है।