समाचार · उत्तर प्रदेश
पपीता खिलाने का लालच और मासूम की मौत... लखीमपुर खीरी में रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात, आरोपी गिरफ्तार

Lakhimpur News:(पवन तोमर की रिपोर्ट) उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. जहां एक मोबाइल फोन के लिए किशोर ने अपनी 5 साल की चचेरी बहन कीर्ति की हत्या कर दी. आरोप है कि वह बच्ची को पपीता खिलाने का लालच देकर साइकिल से गांव के बाहर ले गया. वहां मोबाइल छीनने के बाद पकड़े जाने के डर से उसने मासूम को पानी में डुबो दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बच्ची का शव बरामद कर लिया है.
पपीता खिलाने के बहाने बच्ची को साइकिल पर बैठाकर ले गया
यह पूरा मामला लखीमपुर खीरी के खमरिया थाना क्षेत्र स्थित राजापुर गांव का है. जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8 बजे पांच साल की कीर्ति घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान उसका 15 वर्षीय चचेरा भाई उसे पपीता तोड़कर खिलाने का लालच देने लगा. इसके बाद वह बच्ची को अपनी साइकिल पर बैठाकर गांव के बाहर उत्तर दिशा में स्थित बड़े नाले के पास गन्ने के खेत में ले गया.
नया मोबाइल छीनने के बाद बिगड़ी बात
बताया जा रहा है कि गन्ने के खेत में पहुंचने के बाद आरोपी ने कीर्ति के हाथ से नया मोबाइल फोन छीन लिया. इसी बीच गांव में बच्ची के गायब होने की खबर फैल गई. परिजन और ग्रामीण उसे तलाशते हुए उसी तरफ पहुंच गए, जहां आरोपी बच्ची को लेकर गया था.
ग्रामीणों की आवाज सुनकर चिल्लाने लगी मासूम
खेत के बाहर ग्रामीणों की आवाज सुनकर कीर्ति जोर-जोर से चिल्लाने लगी. आरोप है कि पकड़े जाने के डर से किशोर ने उसका मुंह दबा दिया और खेत में भरे पानी में डुबो दिया. दम घुटने के कारण बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना से गांव में मातम और सनसनी फैल गई.
पुलिस ने शक के आधार पर चचेरे भाई को हिरासत में लिया
बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने के बाद खमरिया पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने कीर्ति के चचेरे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने वारदात की बात कबूल कर ली. उसकी निशानदेही पर रविवार सुबह करीब 9 बजे घर से लगभग 500 मीटर दूर गन्ने के खेत से बच्ची का शव बरामद किया गया.
मौके से साइकिल और दो मोबाइल बरामद
पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए. वारदात में इस्तेमाल की गई साइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि
धौरहरा के सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी बच्ची की मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई है. फिलहाल, पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. महज एक मोबाइल फोन के लिए पांच साल की मासूम की जान चले जाने की इस घटना से पूरे इलाके में दुख और आक्रोश का माहौल है.
Also Read: या तो प्रेमी से कराओ शादी, वरना कूद जाऊंगी...गोरखपुर में 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ी युवती, 3 घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा