Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

इंदौर में 8 दिन से ‘Gen Z प्रोटेस्ट 2.0’:CEC के इस्तीफे की मांग पर अनिश्चितकालीन धरना जारी; बिना टेंट-तेज धूप और रात में डटे युवा

INT News12 October 2026 at 03:29 pm

इंदौर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर युवाओं का प्रदर्शन लगातार आठवें दिन भी जारी है। ‘Gen Z प्रोटेस्ट 2.0’ नाम से शुरू हुए इस आंदोलन में युवा दिन की तेज धूप से लेकर रात तक टंट्या भील चौराहे पर स्थित प्रतिमा स्थल पर धरना दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। संविधान और गांधी की तस्वीरें लेकर प्रदर्शन प्रदर्शन के दौरान युवाओं के हाथों में संविधान और महात्मा गांधी की तस्वीरें नजर आ रही हैं। वे अलग-अलग नारों वाली तख्तियां लेकर भी बैठे हैं। एक तख्ती पर लिखा है, ‘तू क्या, तेरा बाप भी इस्तीफा देगा।’ इन नारों के जरिए प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठा रहे हैं। बंजारा समाज, कांग्रेस और शिवसेना का समर्थन आठ दिनों से जारी इस प्रदर्शन को अब विभिन्न संगठनों और राजनीतिक नेताओं का समर्थन भी मिल रहा है। युवाओं के मुताबिक, बंजारा समाज, कांग्रेस के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और शिवसेना सहित अन्य लोगों ने आंदोलन को समर्थन दिया है। देश के अन्य हिस्सों में भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इंदौर से कांग्रेस के कई नेता दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। टेंट की अनुमति नहीं, धूप में बैठ रहे युवा प्रदर्शनकारी योगित गुप्ता ने बताया कि आंदोलन अनिश्चितकालीन है और इसे केवल एक दिन का प्रदर्शन नहीं माना जाना चाहिए। युवाओं ने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक धरना जारी रखने का फैसला किया है। उनके मुताबिक, अब तक कोई प्रशासनिक अधिकारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा है। प्रदर्शनकारियों को टेंट लगाने की अनुमति भी नहीं मिली है। इसके चलते उन्हें दिन में तेज धूप के बीच बैठना पड़ रहा है। रात में भी युवा सड़क पर ही डटे रहते हैं। सोशल मीडिया से शुरू हुई थी तैयारी प्रदर्शन शुरू होने से पहले कई दिनों तक सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए युवाओं से एकजुट होने की अपील की जा रही थी। इसके बाद युवा टंट्या भील चौराहे पर जुटे और आंदोलन शुरू किया। आठ दिन बीतने के बाद भी प्रदर्शन जारी है। युवाओं का कहना है कि उनकी मांग पूरी होने तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा।