समाचार · मध्य प्रदेश
युवक ने कट्टे से की फायरिंग, इंस्टाग्राम पर डाले वीडियो:मुरैना में दो अलग-अलग जगहों पर की फायरिंग, युवक की पहचान में जुटी पुलिस
मुरैना में एक युवक के कट्टे से फायरिंग करने के दो वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। युवक ने रात के समय दो अलग-अलग जगहों पर फायरिंग की और खुद ही इसका वीडियो बनाया। बुधवार शाम उसने दोनों वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड कर दिए। इंस्टाग्राम आईडी श्याम किरार निवासी किशनपुर के नाम से बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दो अलग-अलग जगहों पर की फायरिंग सोशल मीडिया पर सामने आए दोनों वीडियो अलग-अलग स्थानों के बताए जा रहे हैं। पहला वीडियो सिविल लाइन थाना क्षेत्र के महाराजपुरा स्थित एक खेत का है। इसमें युवक रात के समय कट्टे से फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। वहीं, दूसरा वीडियो रामनगर में युवक के घर के पास का बताया जा रहा है। इसमें भी वह रात के अंधेरे में कट्टे से गोली चलाता नजर आ रहा है। दोनों वीडियो युवक ने खुद बनाए हैं। वीडियो के आधार पर युवक की पहचान करेगी पुलिस सीएसपी कविन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच की जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फायरिंग के ये वीडियो कब बनाए गए थे। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।