समाचार · मध्य प्रदेश
पकड़े जाने के डर से युवक-युवती ने लगाई छलांग:भोपाल के होटल के टीन शेड पर 50 फीट तक भागे; हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने पीटा
भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र स्थित हिमतारा होटल में पकड़े जाने के डर से युवक-युवती ने खिड़की से छलांग लगा दी। दोनों होटल के कमरे से निकलने के बजाय खिड़की के रास्ते भागने लगे। नीचे बने टीन शेड पर कूदने के बाद उन्होंने भागने की कोशिश की। करीब 50 फीट तक आगे जाने के बाद रास्ता खत्म हो गया। आगे गिरने का खतरा देख दोनों वापस लौट आए। इसी दौरान हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना 12 नवंबर की शाम की है, जबकि इसका वीडियो 14 नवंबर को सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को होटल में युवक-युवती के होने की सूचना मिली थी। कार्यकर्ता जब कमरे के बाहर पहुंचे तो अंदर मौजूद युवक और युवती घबरा गए। बाहर निकलने का रास्ता बंद होता देख दोनों ने खिड़की से भागने का फैसला किया। इसके बाद टीन शेड पर कूदकर भागने लगे। हालांकि, कुछ दूरी पर रास्ता खत्म होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। आईडी की भी जांच करा रही पुलिस मामले में सलमान खान नाम के युवक को पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया। जांच में यह बात भी सामने आई है कि युवक ने युवती की मुस्लिम नाम से फर्जी आईडी तैयार कराई थी। इसी आईडी का इस्तेमाल कर होटल में कमरा बुक किया गया था। पुलिस अब जांच कर रही है कि युवती के नाम से फर्जी आईडी किसने और कैसे तैयार की। वीडियो सामने आने के बाद होटल में हुई इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और फर्जी आईडी के इस्तेमाल की जांच कर रही है। युवक की जमकर धुनाई की गई शनिवार को घटना से जुड़े तीन अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं, जिसमें युवक को पकड़ने के बाद कार्यकर्ता जमकर पीट रहे हैं। एक वीडियो में कार्यकर्ता होटल में दाखिल होते और रिसेप्शन पर बैठे व्यक्ति से युवक और युवती की आईडी दिखाने को कहते हैं। इसके बाद होटल में दोनों की सर्चिंग शुरू करते हैं।