Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

यमुनानगर शिवा त्यागी हत्याकांड में तीन और आरोपी गिरफ्तार:अब तक 9 पकड़े, हाउसिंग बोर्ड में डंडों और रॉड से किया था हमला

INT News12 October 2026 at 02:00 pm

यमुनानगर के हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-18 में 23 वर्षीय शिवा त्यागी की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में सीआईए-1 की टीम ने मामले में तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिससे आरोपियों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। पुलिस द्वारा आराेपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, ताकि मामले में उनकी भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करनाल जिले के गांव चौपड़ी निवासी सचिन, कुरुक्षेत्र निवासी तुषार और मिलन बामनिया के रूप में हुई है। बता दें कि, शिवा पर डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया था। पीजीआई में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पत्नी से विवाद में सुलह कराने गया था शिवा अपराध शाखा-1 के इंचार्ज राजकुमार के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के गांव महादेव निवासी शिवा त्यागी तीन सितंबर को अपने चाचा विक्की के पास हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-18 में आया हुआ था। उसके चाचा का दोस्त आशीष ठाकुर भी पड़ोस में रहता है। बताया गया है कि आशीष का अपनी पत्नी के साथ विवाद हो गया था। सात सितंबर को विवाद सुलझाने के लिए शिवा और उसका चाचा आशीष के घर गए थे। वहां दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान आशीष गाली-गलौज करने लगा, जिसके बाद शिवा और उसका चाचा वहां से लौट आए। पहले झगड़े का केस दर्ज, मौत के बाद जोड़ी हत्या की धारा पुलिस के मुताबिक, अगले दिन आशीष ने अपने भाई हिमांशु, कनिका, लक्ष्य, बादल सहित आठ-दस लोगों के साथ मिलकर शिवा और उसके चाचा पर हमला कर दिया। आरोपियों ने डंडों और लोहे की रॉड से उनकी पिटाई की। इस दौरान शिवा के सिर में गंभीर चोट लगी। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में शुरुआत में 10 सितंबर को झगड़े के आरोप में केस दर्ज किया था। शिवा की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई। पुलिस इससे पहले खेड़ा फार्म निवासी राजकुमार उर्फ लुक्का, आशीष ठाकुर, अंकित, सत्यम, लक्ष्य और कनिष्कको गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब सचिन, तुषार और मिलन बामनिया की गिरफ्तारी के बाद कुल नौ आरोपी पकड़े जा चुके हैं।