समाचार · बिहार
पटना के मरीन ड्राइव पर सेल्फी पॉइंट बना आकर्षण का केंद्र, छठ घाटों की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष

Chhath Puja 2026: छठ महापर्व को लेकर पटना में गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी है. खरना के दिन गंगा स्नान के लिए पहुंचे श्रद्धालु मरीन ड्राइव पर बने सेल्फी पॉइंट पर भी खूब तस्वीरें ले रहे हैं. यह सेल्फी पॉइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. वहीं, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को शहर के कई छठ घाटों का निरीक्षण किया. उन्होंने व्रतियों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
मीनार घाट से दीघा घाट तक पहुंचे प्रेम कुमार
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मीनार घाट, जेपी सेतु घाट, बिंदटोली घाट, दीघा घाट और 93 गेट संजय सिंह घाट का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे.
उन्होंने घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था देखी. इसके अलावा पहुंच पथ, चेंजिंग रूम, कंट्रोल रूम और मेडिकल कैंप का भी जायजा लिया.
मरीन ड्राइव के सेल्फी पॉइंट पर जुट रहे श्रद्धालु
छठ के दौरान पटना के मरीन ड्राइव पर बना सेल्फी पॉइंट भी लोगों के बीच खास आकर्षण बना हुआ है. खरना के लिए गंगा स्नान करने पहुंचे कई श्रद्धालु यहां रुककर तस्वीरें ले रहे हैं. परिवार और दोस्तों के साथ सेल्फी लेने का सिलसिला जारी है. छठ की तैयारियों के बीच यह सेल्फी पॉइंट लोगों के लिए यादगार पल संजोने की जगह बन गया है.
एनडीआरएफ और गोताखोरों की तैनाती
निरीक्षण के दौरान प्रेम कुमार ने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं. घाटों पर एनडीआरएफ की टीम और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था की गई है. उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि छठ करने आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो.
उन्होंने बिहार सरकार, जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से की गई व्यवस्थाओं की सराहना की. साथ ही स्वच्छता, रोशनी और सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की बात कही.
देश-विदेश से बिहार पहुंच रहे श्रद्धालु
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की सांस्कृतिक पहचान और लोक परंपरा का प्रतीक है. इस पर्व में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों और विदेशों से भी श्रद्धालु बिहार पहुंच रहे हैं. पूरा प्रदेश भगवान सूर्य की आराधना में डूबा है.
उन्होंने कहा कि अब छठ की पहचान बिहार तक सीमित नहीं रह गई है. देश के कई हवाई अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों और पर्व से जुड़ी तस्वीरों के माध्यम से इसकी सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जा रहा है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
छठ को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल का जिक्र
डॉ. प्रेम कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छठ महापर्व को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयासों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने छठ को यूनेस्को की सांस्कृतिक विरासत सूची में शामिल कराने की पहल की है.
अंत में उन्होंने बिहारवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने भगवान भास्कर और छठी मइया से सभी के सुख, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की.
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
इस मौके पर एडीएम डीपी शाही, पाटलिपुत्र के अंचल अधिकारी अनुज कुमार, पटना सदर की प्रखंड विकास पदाधिकारी सीमा कुमारी, रणविजय रौशन, राजा पांडेय और गणेश समेत एनडीआरएफ के अधिकारी और अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
Also Read: Nitish Setu: 20 मिनट में पटना से वैशाली का सफर, 4988 करोड़ से बना नीतीश सेतु कितना खास, जानें इसकी 7 बड़ी खूबियां