Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

हैदराबाद कमाने गया श्याम 5 महीने से लापता, घर में बेटे की मौत से भी अनजान

INT News12 October 2026 at 12:20 pm

जमशेदपुर: परिवार का पेट पालने के लिए रोजगार की तलाश में घर से निकला एक व्यक्ति पांच माह से लापता है. घर में उसकी बूढ़ी मां, पत्नी और बेटे की राह देखती आंखें आज भी उसके लौटने का इंतजार कर रही हैं. इस बीच परिवार पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूटा कि सड़क दुर्घटना में 19 वर्षीय बेटे मोहित लोहार की मौत हो गयी, लेकिन पिता श्याम लोहार तक बेटे की मौत की खबर पहुंचाने का कोई जरिया नहीं है.

यह दर्दभरी कहानी गम्हरिया के बोलाइडीह स्थित प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय के समीप रहने वाले श्याम लोहार के परिवार की है. परिजनों के अनुसार, करीब पांच माह पूर्व श्याम रोजगार की तलाश में हैदराबाद जाने के लिए घर से निकले थे. रास्ते में उन्होंने फोन कर बताया था कि कुछ देर बाद ट्रेन से उतरेंगे. इसके बाद उनका परिवार से संपर्क टूट गया. पांच माह बीत जाने के बावजूद श्याम का कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

बेटे की मौत, लेकिन पिता तक नहीं पहुंच सकी खबर

परिवार अभी श्याम की गुमशुदगी के दर्द से उबर भी नहीं पाया था कि 15 सितंबर की रात सड़क दुर्घटना में उनके जवान पुत्र मोहित लोहार की मौत हो गयी. बेटे की असमय मौत ने परिवार को भीतर तक तोड़ दिया. सबसे बड़ी पीड़ा यह है कि पांच माह से लापता पिता को अपने बेटे के निधन की सूचना तक नहीं दी जा सकी है. परिवार को आज भी श्याम के लौटने की उम्मीद है, लेकिन उनकी कोई खबर नहीं मिलने से चिंता लगातार बढ़ती जा रही है.

मजदूरी के सहारे चल रहा परिवार

श्याम के लापता होने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद दयनीय हो गयी है. घर में उनकी मां और पत्नी गीता हैं, जिनके सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो रहा है. ऐसे कठिन समय में श्याम की साली सीता इधर-उधर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं. एक ओर घर के मुखिया के लापता होने का दुख है, तो दूसरी ओर बेटे को खोने का गम. परिवार आर्थिक संकट के साथ गहरे मानसिक आघात से भी गुजर रहा है.

प्रशासन से खोजबीन की गुहार

परिजनों ने सरकार और प्रशासन से श्याम लोहार की खोजबीन में मदद करने की गुहार लगायी है. परिवार को उम्मीद है कि प्रशासन की पहल से श्याम का पता चल सकेगा और लंबे समय से अपनों की राह देख रहे परिवार को कोई खबर मिल पायेगी.