समाचार · हरियाणा
नारनौल के जल-महल पर डाक विभाग ने जारी किया आवरण:प्रधान डाकघर में हुआ विमोचन समारोह; महिला आयोग की सदस्य भारती सैनी रही मुख्य अतिथि
भारतीय डाक विभाग के भिवानी-नारनौल मंडल की ओर से सोमवार को नारनौल की ऐतिहासिक धरोहर जल महल पर विशेष आवरण और विशेष विरूपण का विमोचन किया गया। प्रधान डाकघर नारनौल परिसर में आयोजित समारोह में हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य भारती सैनी मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भिवानी मंडल के डाकघर अधीक्षक राजेश मान ने की, जबकि जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सहायक अधीक्षक डाकघर जयसिंह सैनी के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी दी। इस अवसर पर जल महल को विशेष आवरण के माध्यम से डाक विभाग की फिलेटली गतिविधियों से जोड़कर क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने की पहल की गई। आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचेगा नारनौल का इतिहास मुख्य अतिथि भारती सैनी ने कहा कि नारनौल की ऐतिहासिक धरा का इतिहास समृद्ध है। यहां की ऐतिहासिक इमारतें और सांस्कृतिक धरोहर क्षेत्र की पहचान हैं। डाक विभाग की ओर से जल महल पर विशेष आवरण जारी करना सराहनीय कदम है। इससे नारनौल की ऐतिहासिक विरासत को व्यापक पहचान मिलेगी और आने वाली पीढ़ियों को भी अपने क्षेत्र के इतिहास के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। उन्होंने डाक विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं की भी सराहना की। विशेष रूप से सुकन्या समृद्धि योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना बेटियों के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐतिहासिक धरोहरों को पहचान दिलाने का प्रयास कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डाकघर अधीक्षक राजेश मान ने डाक विभाग की फिलेटली यानी डाक टिकट और विशेष आवरण संग्रह की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विशेष आवरण के माध्यम से ऐतिहासिक स्थलों, महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों और सांस्कृतिक विरासत को पहचान दिलाने का प्रयास किया जाता है। ऐसी पहल स्थानीय इतिहास को व्यापक स्तर पर सामने लाने में मदद करती है। विशिष्ट अतिथि जिला समाज कल्याण अधिकारी अमित शर्मा ने भी जल महल पर विशेष आवरण जारी करने की पहल की सराहना की। उन्होंने इसे नारनौल के ऐतिहासिक गौरव को बढ़ावा देने वाला कदम बताया। ये रहे मौजूद कार्यक्रम का मंच संचालन हिम्मत सिंह ने किया। समापन पर उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। इस अवसर पर महेंद्रगढ़ उपमंडल निरीक्षक आदित्य यादव, पोस्टमास्टर ब्रह्म प्रकाश यादव, असिस्टेंट पोस्टमास्टर राजेश कोकचा, डिप्टी पोस्टमास्टर राजवीर सहित अभिषेक चंदेल, पवन यादव, संदीप, सतीश, अशोक कुमार, संगीता, मंडलीय कार्यालय के कर्मचारी, शाखा डाकघरों से आए कर्मचारी, पोस्टमैन और अन्य डाककर्मी मौजूद रहे।