Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

रिश्वत में 2 गाय, एक भैंस, जर्मन शेफर्ड और 35 हजार! यूपी के दरोगा ने क्यों रखी ऐसी डिमांड? अब दर्ज हुई FIR, जानें पूरा मामला

INT News12 October 2026 at 03:07 pm

UP News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में तैनात STF के एक दरोगा पर रिश्वत मांगने का अनोखा मामला सामने आया है. आरोप है कि शराब तस्करी के केस से नाम हटाने के बदले दरोगा ने दो गाय, एक भैंस, जर्मन शेफर्ड कुत्ता और 35 हजार रुपये मांगे. शिकायतकर्ता का दावा है कि उसने दो गाय भेज भी दी थीं, लेकिन इसके बाद फिर नई मांग रख दी गई. बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट की जांच के बाद हरियाणा के हिसार में दरोगा रणेंद्र कुमार सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

शराब तस्करी के केस से नाम हटाने के बदले मांगी रिश्वत

मामला प्रयागराज के नवाबगंज थाने में दर्ज शराब तस्करी की एफआईआर से जुड़ा है. हरियाणा के हिसार जिले के ब्यानाखेड़ा गांव निवासी मनवीर सिंह उर्फ मन्नू ने एसटीएफ में तैनात दरोगा रणेंद्र कुमार सिंह पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है. मनवीर का दावा है कि शराब तस्करी के मुकदमे से नाम हटवाने के बदले उससे गाय, भैंस, जर्मन शेफर्ड कुत्ता और रुपये मांगे गए. उसने 17 फरवरी 2026 को हिसार मंडल के एंटी करप्शन ब्यूरो में इसकी शिकायत की थी.

पहले दो गाय भेजीं, फिर एक गाय और भैंस की मांग

शिकायत के मुताबिक, दरोगा ने एक फरवरी 2026 को मनवीर को फोन किया था. इस दौरान उससे दो गाय भेजने को कहा गया. मनवीर का आरोप है कि उसने तीन फरवरी को दो गाय भेज भी दीं. इसके बावजूद मांग खत्म नहीं हुई. नौ फरवरी को फिर फोन आया. इस बार एक गाय और एक भैंस भेजने को कहा गया. इसके अलावा जर्मन शेफर्ड कुत्ते और कुर्सी-मेज खरीदने के लिए 35 हजार रुपये की भी मांग की गई.

ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट की जांच के बाद FIR

मनवीर ने अपनी शिकायत के साथ बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट भी एंटी करप्शन ब्यूरो को सौंपे थे. एसीबी ने शिकायत की जांच की. इसके बाद 15 जुलाई 2026 को जांच रिपोर्ट हरियाणा के डीजी को भेजी गई. 14 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज करने की अनुमति मिली. इसके बाद छह अक्टूबर 2026 को हिसार में दरोगा रणेंद्र कुमार सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई.

2023 में दर्ज हुआ था शराब तस्करी का मुकदमा

इस पूरे मामले की शुरुआत दो सितंबर 2023 को हुई थी. प्रयागराज के नवाबगंज थाने में अवैध शराब तस्करी को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी. आरोप था कि हरियाणा से अंग्रेजी शराब अवैध तरीके से बिहार ले जाई जा रही थी. जांच के दौरान मनवीर सिंह का नाम भी सामने आया था. मामले में वांछित होने के कारण उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था. बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. हालांकि, कुछ समय बाद वह जमानत पर जेल से बाहर आ गया.

अब दरोगा पर विभागीय कार्रवाई की तलवार

हरियाणा में एफआईआर दर्ज होने के बाद एसटीएफ के दरोगा रणेंद्र कुमार सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, दरोगा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने से पहले न तो कोई नोटिस दिया गया और न ही इसकी जानकारी साझा की गई. हालांकि, रिश्वत मांगने के आरोप में एफआईआर दर्ज होने के बाद अब विभागीय कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.

Also Read: चित्रकूट में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंजाम, प्रेमिका की चाची को मारी गोली, चाचा घायल, फिर खुद को भी उड़ाया