समाचार · हरियाणा
पलवल में विवाहिता की मौत, ससुरालियों पर हत्या का आरोप:भाई बोला- 5 लाख रुपए कैश मांग रहे थे; पति समेत 4 पर केस
पलवल के राजीव नगर में दहेज के लिए विवाहिता की गला दबाकर हत्या का मामला सामने आया है। भाई मोहित की शिकायत पर पुलिस ने पति शिवम समेत चार लोगों पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने शव परिजनों को सौंपकर आरोपियों की तलाश शुरू की। मोहित ने शिकायत में बताया कि उसकी 19 साल की बहन सोनम की शादी 2 फरवरी 2025 को शिवम से हुई। शादी में हैसियत के हिसाब से दहेज दिया, पर पति शिवम, देवर विकास, सास मनीषा और बुआ का लड़का हरजीत (चांदहट निवासी) कार व 5 लाख रुपए कैश मांग रहे थे। भाई को कहा था- कुछ भी हो सकता है सोनम ने रोते हुए उन्हें बताया था कि दहेज न देने पर ससुराल वाले कुछ भी कर सकते हैं। 10 अक्टूबर को दोपहर 12:10 बजे उसने भाई को फोन कर कहा, आज कुछ भी हो सकता है। फोन छीनने के बाद 3:30 बजे सास मनीषा ने सोनम की तबीयत खराब बताई। शाम 5 बजे परिजन पहुंचे तो सोनम जमीन पर मृत मिली, गले पर निशान थे। आरोपियों पर केस दर्ज परिजनों ने तुरंत डायल 112 पर कॉल की। सूचना पर पहुंची किठवाड़ी पुल चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवा दिया। 11 अक्टूबर को देर शाम कैंप थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 80, 3(5) के तहत कैंप थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया।