समाचार · उत्तराखंड
ओए लकी... फिल्म की तरह देहरादून में ‘सुपर’ चोरी, खिड़की-दरवाजे और नल तक ले गए, 4 दिन तक ढोया सामान

आपने अगर बॉलीवुड फिल्म ‘ओए लकी...लकी ओए’ देखी है, तो आपको उसमें सुपर चोर याद होगा। जो दिन दहाड़े लोगों के घरों से सामान चुरा लेता था और पीड़ित को मालूम तक नहीं हो पाता था। इसी सुपर चोर की तर्ज पर देहरादून में भी चोरी की वारदात सामने आई है। देहरादून के इतिहास में शायद यह अपनी तरह की पहली घटना है, जहां चोरों ने रात के बजाय दिनदहाड़े एक बंद पड़े हॉस्टल को पूरी तरह खाली कर दिया। चार दिनों तक सामान ढोते रहे और खिड़की, दरवाजे और नल तक ले उड़े।चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे खरीदार बनकर आए और शक होने पर पड़ोसियों को फर्जी एग्रीमेंट दिखाकर चार दिन तक इत्मीनान से हॉस्टल खाली करते रहे। बिधौली क्षेत्र में अधिवक्ता रजत दुआ का एक हॉस्टल है जो लंबे समय से बंद पड़ा था। हॉस्टल का केयरटेकर भी छुट्टी पर था। इसी का फायदा उठाकर एक शातिर गैंग ने चार से सात अक्तूबर के बीच चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दिनदहाड़े गाड़ियां लगाकर हॉस्टल से सामान ढोना शुरू किया।पड़ोसियों को फर्जी एग्रीमेंट दिखायाजब पड़ोसियों ने तोड़फोड़ और सामान ले जाने का कारण पूछा तो बड़ी चालाकी से खुद को नया मालिक बताया। अपने दावे को पुख्ता करने के लिए उन्होंने बाकायदा हॉस्टल की खरीद-फरोख्त का एक कथित फर्जी एग्रीमेंट भी दिखा दिया, जिससे किसी को शक नहीं हुआ।70 बेड, 35 अलमारियां समेत कई सामान ले गएचोरी का खुलासा नौ अक्तूबर को तब हुआ जब संचालक दुआ हॉस्टल देखने पहुंचे। वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। 30 कमरों के इस बड़े हॉस्टल से चोर 70 बेड, 32 गीजर, 35 अलमारियां, दो डीप फ्रीजर और छह सिलेंडर ले गए। शातिरों ने 20 दरवाजे, सभी खिड़कियों के चैनल और बाथरूम की टोंटियां-शावर तक उखाड़ लिए। चोरी गए इस पूरे सामान की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि रविवार को मामले में चोरी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं जो आरोपियों को खोज रही हैं।चकराता में दिल्ली की युवती से दुष्कर्म में केसदेहरादून के चकराता स्थित रामताल रिसॉर्ट में दिल्ली की युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रिसॉर्ट मालिक अनुपम तोमर पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, दिल्ली पुलिस से जीरो एफआईआर मिली। आरोप है कि 2022 में चकराता के रामताल रिसॉर्ट में ठहरी युवती से रिसॉर्ट मालिक ने दुष्कर्म किया। इसके विरोध पर आरोपी ने मारने की धमकी दी। इस आधार पर दिल्ली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की। इसके बाद मामला चकराता कोतवाली पुलिस को भेजा गया। कोतवाली प्रभारी बीएल भारती ने बताया कि रिसॉर्ट मालिक अनुपम तोमर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला प्रभारी उपनिरीक्षक दीपा शाह को इसकी जांच सौंपी गई है।