Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

डासिंग और सिंगिंग महासंग्राम में हजारीबाग के कलाकारों का जलवा, 10 प्रतिभाओं ने कटाया सेमीफाइनल का टिकट

INT News12 October 2026 at 03:53 pm

हजारीबाग: रेडियो जोहार 90.4 एफएम, जानू राज फिल्म्स एंड टीवी इंटरनेशनल और कलाकार उत्थान के संयुक्त तत्वावधान में 11 अक्टूबर को महासंग्राम ऑल इंडिया डांस एवं सिंगिंग प्रतियोगिता 2026 का क्वार्टर फाइनल संपन्न हुआ. प्रतियोगिता में हजारीबाग जिले से चयनित कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक चली इस प्रतियोगिता में गायन और नृत्य के प्रतिभागियों ने अपनी कला से निर्णायक मंडली का ध्यान आकर्षित किया. कड़े मुकाबले के बीच गायन और डांस की अलग-अलग श्रेणियों से कुल 10 प्रतिभागियों का चयन सेमीफाइनल के लिए किया गया.

मुख्य अतिथि ने किया प्रतियोगिता का उद्घाटन

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जीवन गोप तथा विशिष्ट अतिथि अनिल कुमार यादव और शंभू यादव ने किया. अतिथियों ने अपने कर कमलों से कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया. आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता को तीन चरणों में आयोजित किया गया था. प्रतिभागियों ने निर्धारित चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाने के लिए पूरा प्रयास किया. कार्यक्रम का उद्देश्य उभरते कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना था.

गायन में आठ प्रतिभागियों का चयन

प्रतियोगिता के गायन वर्ग में आशीर्वाद आनंद, कुणाल खंडेलवाल, खुशी वर्मा, सिद्धि सौम्या, कुमारी दित्या, प्रगति प्रेरणा और सुनीता साहू सहित आठ प्रतिभागियों का सेमीफाइनल के लिए चयन किया गया. इन कलाकारों ने अपनी गायन प्रतिभा के दम पर अगले दौर में जगह बनाई. चयनित प्रतिभागियों के लिए अब सेमीफाइनल की तैयारी शुरू हो गयी है. अगले चरण में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए कलाकार अपनी प्रस्तुति को और प्रभावशाली बनाने में जुट गये हैं.

डांस में आयुषी गुप्ता और अंशु कुमारी चयनित

नृत्य वर्ग में आयुषी गुप्ता और अंशु कुमारी ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की. दोनों प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में अपनी नृत्य प्रतिभा का प्रदर्शन किया. गायन और नृत्य, दोनों श्रेणियों में चयनित कलाकारों के लिए यह प्रतियोगिता आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर है. आयोजकों को उम्मीद है कि प्रतिभागी आगामी दौर में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे और अपनी प्रतिभा के दम पर प्रतियोगिता में आगे तक पहुंचेंगे.

कठिन मुकाबले के बीच निर्णायकों ने किया चयन

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के बीच मुकाबला काफी कड़ा रहा. निर्णायक मंडली में रामगढ़ के अनिल राज, अभिमन्यु कुमार सिंह उर्फ बबलू और बॉलीवुड म्यूजिक डायरेक्टर दिवाकर मिश्रा शामिल थे. प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों के स्तर को देखते हुए निर्णायकों को चयन करने में कठिनाई हुई. इसके बावजूद प्रदर्शन के आधार पर अगले दौर के लिए कलाकारों का चयन किया गया. आयोजकों ने चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

इसे भी पढ़ें: JPSC परीक्षा रद्द करने के मामले में सुनवाई पूरी, झारखंड हाईकोर्ट ने फैसला रखा सुरक्षित

रामगढ़, रांची, बिहार और कोलकाता में ऑडिशन

प्रतियोगिता के अगले ऑडिशन रामगढ़, रांची, बिहार और कोलकाता में आयोजित किये जाने हैं. इन ऑडिशन की तारीखों की घोषणा जल्द की जायेगी. प्रतियोगिता के सीईओ एवं डायरेक्टर हंसराज लोहरा हैं. आयोजन मंडली में बिहार के डॉक्टर नंदन कुमार सिन्हा, गया के शुभम कुमार श्रीवास्तव, रेडियो जोहार के रुद्र प्रताप सिंह, कोलकाता की स्वर्णाली चटर्जी, बॉलीवुड म्यूजिक डायरेक्टर अपूर्व बनर्जी, मुंबई के सूरज कुमार, त्रिपुरा के संजय, असम के जयंता घोष, पंजाब के पीटर नियॉन, उत्तराखंड के पवन कपूर और धनबाद के युधिष्ठिर महतो सहित अन्य लोग शामिल हैं. आयोजकों ने चयनित कलाकारों को बधाई देते हुए आगामी चरणों के लिए शुभकामनाएं दीं.

इसे भी पढ़ें: कोडरमा सिविल सर्जन पर यौन शोषण के आरोप में नया मोड़, पीड़िता ने मेडिकल जांच से किया इनकार