समाचार · मध्य प्रदेश
PM मोदी के 25 साल- MP कैबिनेट की विशेष बैठक:CM बोले- BJP के लिए कहा जाता था, अपने दम पर सरकार नहीं बना सकती
मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव कैबिनेट ने पीएम नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के तौर पर 25 साल पूरे करने पर मध्य प्रदेश को मिली उपलब्धियों को लेकर एक संकल्प पारित किया। सोमवार को कैबिनेट बैठक के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मुख्यमंत्री ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश और दुनिया में एकमात्र ऐसे व्यक्ति हैं, जो जितनी बार विधायक का चुनाव लड़े, उतनी ही बार मुख्यमंत्री बने और जितनी बार सांसद बने, उतनी ही बार प्रधानमंत्री बने। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए चुनाव में सहानुभूति की लहर के चलते पूर्ण बहुमत की आखिरी सरकार बनी थी। इसके बाद ऐसा लगने लगा था कि बिना गठबंधन के कोई सरकार चल ही नहीं सकती। भाजपा के लिए तो कहा जाता था कि वह अपने दम पर सरकार बना ही नहीं सकती। ऐसे में 2014 में सीधे प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करना बड़ी बात थी। इससे भी बड़ी बात यह थी कि नरेंद्र मोदी पूर्ण बहुमत के साथ प्रधानमंत्री बने।