Saturday, 14 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

मां और दादी के लिए जुनून! टिकट नहीं मिला तो लेह से बाइक चलाकर 2100 KM दूर सुपौल पहुंचा युवक

INT News14 November 2026 at 03:45 pm

सुपौल. मां की ममता, दादी का स्नेह और अपनों के साथ छठ महापर्व मनाने की चाहत इंसान से क्या कुछ नहीं करवा सकती. जब घर पहुंचने का जुनून सिर पर सवार हो, तो बर्फीले पहाड़ और कड़ाके की ठंड भी रास्ता नहीं रोक पाती. कुछ ऐसा ही कर दिखाया है सुपौल के 26 वर्षीय नचिकेता ने. हवाई जहाज और ट्रेन का टिकट नहीं मिलने पर नचिकेता ने हार मानने के बजाय बाइक से ही लेह से सुपौल तक का सफर तय करने की ठान ली. माइनस डिग्री वाली ठंड, घने कोहरे और दुर्गम रास्तों को पार करते हुए उन्होंने 2100 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर आखिरकार छठ पर अपने घर पहुंचकर ही दम लिया.

बर्फीली वादियों और स्पीति के दुर्गम रास्तों ने ली कड़ी परीक्षा

नचिकेता ने बताया कि छठ महापर्व पर मां और दादी के साथ खुशियां बांटने की इच्छा ने उन्हें इस कठिन यात्रा के लिए प्रेरित किया. उन्होंने 12 नवंबर की रात करीब 2:30 बजे लेह से अपनी बाइक यात्रा शुरू की. इस पूरे सफर में लेह से मनाली के बीच का रास्ता सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहा. स्पीति घाटी के संकरे रास्ते, बर्फीली पहाड़ियां और हड्डियां गला देने वाली ठंड में बाइक चलाना किसी बड़ी परीक्षा से कम नहीं था. हालांकि, घर पहुंचने की ललक के आगे मौसम की मार भी फीकी पड़ गई. मनाली में कुछ देर आराम करने के बाद उन्होंने दोबारा अपना सफर शुरू किया.

2100 किमी का सफर तय कर ऐसे पहुंचे अपने घर सुपौल

मनाली से निकलने के बाद नचिकेता ने मैदानी इलाकों की ओर रुख किया. वे चंडीगढ़, दिल्ली, लखनऊ, गोरखपुर, गोपालगंज और मुजफ्फरपुर के रास्तों से होते हुए 14 नवंबर की सुबह करीब नौ बजे अपने घर सुपौल पहुंच गए. जैसे ही उन्होंने घर की दहलीज पर कदम रखा, उनकी सारी थकान अपनों के चेहरे की मुस्कान देखकर पल भर में गायब हो गई.

शरीर ने दिया जवाब, लेकिन मां-दादी के प्यार ने दी हिम्मत

से खास बातचीत में नचिकेता ने इस यात्रा को अपने जीवन का सबसे यादगार अनुभव बताया. लगातार हजारों किलोमीटर बाइक चलाने के कारण उन्हें कई शारीरिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा. उनकी गर्दन में तेज दर्द होने लगा, मांसपेशियों में खिंचाव आ गया और घने कोहरे व थकान की वजह से आंखों से देखने में भी परेशानी होने लगी. सफर के दौरान उन्हें भूख लगना तक बंद हो गया था, लेकिन मन में बार-बार मां और दादी का चेहरा घूमता रहा, जिसने उन्हें रुकने नहीं दिया.

आस्था और परिवार के प्रेम के आगे छोटी पड़ गई दूरी

नचिकेता की यह साहसिक यात्रा केवल एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचने की कहानी नहीं है, बल्कि यह लोक आस्था के महापर्व छठ और परिवार के प्रति अटूट प्रेम की एक अनूठी मिसाल है. जहां लोग त्योहारों पर टिकट न मिलने से मायूस हो जाते हैं, वहीं नचिकेता ने अपने दृढ़ संकल्प से असंभव से दिखने वाले सफर को पूरा कर यह साबित कर दिया कि आस्था और अपनों के प्यार के आगे कोई भी दूरी बड़ी नहीं होती.