Monday, 12 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · दिल्ली

बंगला साहिब गुरुद्वारे के पास प्रदर्शन को लेकर क्यों घिरे केजरीवाल? AAP नेताओं के खिलाफ FIR

INT News12 October 2026 at 09:41 am

दिल्ली पुलिस ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) की शिकायत पर यह कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शिकायत के साथ दिए गए वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है. मामले में आगे की जानकारी का इंतजार है.

AAP कार्यकर्ताओं पर क्या हैं आरोप?

इससे एक दिन पहले DSGMC के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने कहा था कि गुरुद्वारा बंगला साहिब के पास AAP कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदर्शन किए जाने को लेकर सिख समुदाय में काफी नाराजगी है. उन्होंने दावा किया कि कुछ AAP कार्यकर्ता प्रदर्शनकारी बनकर गुरुद्वारे के पास पहुंचे, बैनर और पोस्टर लगाए और नारेबाजी की. कालका के मुताबिक, इस तरह की गतिविधियां धार्मिक स्थल की मर्यादा के खिलाफ हैं.

ANI के मुताबिक उन्होंने कहा कि कमेटी ने इस मामले में कार्रवाई की है और AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. कालका ने यह भी दावा किया कि जिन कार्यकर्ताओं की पहचान की गई है, वे सभी आम आदमी पार्टी से जुड़े हैं.

पुलिसकर्मियों के गुरुद्वारे के पास पहुंचने पर भी जताई आपत्ति

हरमीत सिंह कालका ने घटनास्थल पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि कमेटी ने पुलिस उपायुक्त (DCP) को निर्देश देने के लिए कहा है कि पुलिसकर्मी वर्दी में गुरुद्वारे में प्रवेश करने से बचें.

कालका ने कहा, “सिख समुदाय में इस बात को लेकर काफी नाराजगी है कि कुछ AAP कार्यकर्ता प्रदर्शनकारी बनकर गुरुद्वारा बंगला साहिब के पास पहुंचे, बैनर और पोस्टर लगाए और प्रदर्शन किया. हमने उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.”

उन्होंने आगे कहा कि कुछ पुलिसकर्मी भी वहां पहुंचे थे, जिसकी कमेटी निंदा करती है. उनके मुताबिक, मौजूदा माहौल को देखते हुए पुलिसकर्मियों को संयम बरतना चाहिए.

ये भी पढ़ें: Delhi Weather: दिल्ली में सुबह बारिश से बदला मौसम का मिजाज, जानें आज कैसा रहेगा दिन का हाल

कालका बोले- सार्वजनिक रास्ते पर हुआ प्रदर्शन

कालका ने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित जगह सार्वजनिक रास्ता है और प्रदर्शनकारियों ने वास्तव में गुरुद्वारे के परिसर में प्रवेश नहीं किया था. इसके बावजूद उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों को वर्दी में वहां जाने से बचना चाहिए.

फिलहाल दिल्ली पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच कर रही है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में किसकी क्या भूमिका थी और आगे क्या कार्रवाई की जाएगी.