समाचार · मध्य प्रदेश
सीहोर में ग्रामीणों को दिखा 11 फीट लंबा अजगर:भूसे के ढेर से निकलकर फसल में घुसा, वन विभाग और पुलिस ने किया रेस्क्यू
सीहोर के अहमदपुर वन परिक्षेत्र के करलत पठार क्षेत्र में बीती मध्यरात्रि 11 फीट लंबा अजगर निकलने से हड़कंप मच गया। ग्राम शंकरपुरा करलत पठार में खेत पर बने मकान के पास भूसे के ढेर में ग्रामीणों ने अजगर को देखा। भूसे के ढेर से निकलकर अजगर पास खड़ी सोयाबीन की फसल में घुस गया। अजगर की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने अहमदपुर थाना पुलिस और वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने अजगर को सुरक्षित बाहर निकाला। भूसे के ढेर से निकलकर फसल में घुसा शंकरपुरा करलत पठार निवासी गफ्फार भाई के खेत पर बने मकान के पास भूसे के ढेर में सबसे पहले ग्रामीणों ने अजगर को देखा। लोगों को देखकर अजगर भूसे के ढेर से निकलकर पास के सोयाबीन के खेत में घुस गया। खेत में काम कर रहे लोग उसे देखकर डर गए। ग्रामीणों ने तुरंत अहमदपुर थाना पुलिस और वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीम को मौके पर पहुंचने में करीब दो घंटे लगे। तब तक ग्रामीण मौके पर ही रुके रहे और अजगर पर नजर बनाए रखी। दो घंटे की मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू जिला मुख्यालय से रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। अहमदपुर थाने के आरक्षक तेज सिंह, राहुल देवड़ा, भगवान सिंह मालवीय, वन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। सोयाबीन की फसल के बीच छिपे अजगर को पकड़ना टीम के लिए चुनौतीपूर्ण था। टीम और ग्रामीणों की सूझबूझ व कड़ी मेहनत के बाद 11 फीट लंबे अजगर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उसे एक विशेष बैग में सुरक्षित रखा। घने जंगल में छोड़ा जाएगा अजगर अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद गफ्फार भाई और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम के अनुसार अजगर को अब आबादी से दूर घने जंगल में सुरक्षित छोड़ा जाएगा।