समाचार · छत्तीसगढ़
राजनांदगांव में सड़क पर लूट करने वाला गिरोह पकड़ाया:पुलिस ने थार समेत 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार, लूटी गई गाड़ी, मोबाइल और नकदी बरामद
राजनांदगांव जिले में सड़क पर लूट करने वाले गिरोह को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल महिंद्रा थार गाड़ी बरामद की गई है। यह मामला घुमका थाना क्षेत्र का है। बसंतपुर के संजय साहू ने घुमका थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर को डुमरडीहखुर्द गांव के पास काले रंग की थार में सवार लोगों ने उनकी डीआई योद्धा गाड़ी, दो मोबाइल फोन और 3,200 रुपए लूट लिए थे। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 4.08 लाख रुपए बताई गई। राजनांदगांव में सड़क लूट, थार समेत 4 आरोपी गिरफ्तार शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर के अनुसार, टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदात करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने 10 सितंबर की रात चारों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बोईरडीह, चिखली के अनमोल चंदेल (29), जोरातराई, चिखली के खिलेश्वर साहू उर्फ बादल (29), खुर्सीपार, भिलाई के जे. गौतम राव (24) और असोली, कामठी महाराष्ट्र के लक्ष्मन शिवप्रसाद सोनबोइर (20) शामिल हैं। पुलिस ने संजय साहू से लूटी गई डीआई योद्धा गाड़ी, दो मोबाइल फोन और 3,200 रुपए बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल करीब 12 लाख रुपए कीमत की महिंद्रा थार भी जब्त की गई है। चारों आरोपियों को राजनांदगांव न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।