समाचार · पंजाब
बठिंडा में SOI ने CM भगवंत मान का पुतला फूंका:रेप केस दबाने के आरोप लगाए; इस्तीफे और नशे पर कार्रवाई की मांग
बठिंडा में स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया (SOI) ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। संगठन ने मुख्यमंत्री की पत्नी गुरप्रीत कौर पर एक रेप केस को दबाने के लिए 5 करोड़ रुपए लेने का आरोप लगाया। हालांकि, ये संगठन के आरोप हैं, इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। SOI मालवा के अध्यक्ष जशन औलख ने मोहनजीत पर हमले और गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामलों को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान और वित्त मंत्री के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग्स की समस्या लगातार गंभीर बनी हुई है और सरकार इसे रोकने में नाकाम रही है। औलख बोले- CM ने पंजाब से 'चिट्टा' खत्म करने का वादा किया था औलख ने कहा कि सरकार बनने से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब से 'चिट्टा' खत्म करने का वादा किया था, लेकिन आज भी कई गांवों और शहरों में नशे की बिक्री हो रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण युवाओं और परिवारों को गंभीर नुकसान उठाना पड़ रहा है। संगठन ने मोहनजीत मामले का जिक्र करते हुए कहा कि पीड़ित के साथ गंभीर मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी हालत बेहद नाजुक है। प्रदर्शनकारियों ने काली पट्टी बांधकर सरकार के खिलाफ रोष जताया। SOI नेताओं ने कहा कि संगठन पंजाब और पंजाबियत के मुद्दों पर आवाज उठाता रहेगा और सरकार के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखेगा।