समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर में पांच दिन बाद हल्की बूंदाबांदी:उमस से लोग बेहाल; प्रदेश में सबसे गर्म रहा शहर, अगले तीन दिन भी आसार
ग्वालियर में पांच दिन से जारी तेज उमस भरी गर्मी के बाद शुक्रवार को मौसम बदल गया। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में हल्की बूंदाबांदी हुई। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली, लेकिन हवा में नमी ज्यादा होने के कारण उमस बनी रही। मौसम में अचानक आए बदलाव से शहरवासियों को कुछ देर के लिए घुटन वाली गर्मी से राहत महसूस हुई। पांच दिन में 7.3 डिग्री बढ़ा तापमान पिछले पांच दिनों में ग्वालियर के अधिकतम तापमान में 7.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 6 सितंबर को अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री दर्ज किया गया था, जो 10 सितंबर को बढ़कर 35.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसी के साथ ग्वालियर बीते दिन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। गुरुवार को दोपहर में तेज धूप के कारण सड़कों और बाजारों में आवाजाही प्रभावित रही। दोपहिया वाहन चालक धूप से बचने के लिए चेहरे पर कपड़ा बांधकर निकलते नजर आए। वहीं, शुक्रवार को बादल और बूंदाबांदी से धूप से कुछ राहत मिली। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा मौसम विभाग के अनुसार, ग्वालियर का न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा है। सुबह 3 बजे आर्द्रता 87 प्रतिशत रही, जो सामान्य से 7 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान ट्रेस वर्षा दर्ज की गई। सीजन में अब तक कुल 632.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हो चुकी है। सुबह 5:30 बजे तापमान 27.4 डिग्री और 8:30 बजे 27.2 डिग्री दर्ज किया गया। अधिक तापमान और हवा में ज्यादा नमी के कारण उमस बढ़ रही है। यही वजह है कि रात में भी लोगों को गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिल पा रही है। तीन दिन बूंदाबांदी, उमस से राहत मुश्किल मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक ग्वालियर और आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी के आसार हैं। हालांकि, इससे तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ चक्रवातीय परिसंचरण भी सक्रिय है। इसके अलावा अन्य मौसम प्रणालियां भी सक्रिय हैं।